विरोध कर रहे तहसीलदार, नायब तहसीलदार लौटे काम पर
भोपाल। छह अगस्त से काम बंद का विरोध कर रहे न्यायिक और गैर न्यायिक विभाजन से नाराज तहसीलदार और नायब तहसीलदार मंगलवार को काम पर लौट गए। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा एवं विभाग के सीनियर अधिकारियों से मुलाकात के बाद उन्होंने काम पर लौटने का निर्णय लिया।
भोपाल में सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार काम पर लौट आए। हालांकि, उनके सामने 6 हजार से अधिक पेंडिंग मामलों को सबसे पहले निपटाने की चुनौती रहेगी। वे मप्र राजस्व अधिकारी (कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा) संघ के बैनर तले काम बंद विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। काम बंद विरोध के चलते पेंडिंग प्रकरणों का आंकड़ा 6 हजार तक पहुंच गया है।
गौरतलब है कि मैदान और कार्यालय के काम में विभाजित किए गए भोपाल में बैरागढ़, कोलार, एमपी नगर, शहर वृत्त, बैरसिया और टीटी नगर तहसील हैं। इनके तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को न्यायिक और गैर न्यायिक कार्य में विभाजित किया है। यानी, जो अधिकारी न्यायिक कार्य कर रहे हैं, वे मैदान में नहीं है। वहीं, मैदान वाले अधिकारी न्यायिक कार्य नहीं कर रहे। इस व्यवस्था का वे भी विरोध कर रहे थे।
