विरोध के बीच चेतावनी, अनुशासनहीनता नहीं की जाएगी बर्दाश्त
कांग्रेस ने जारी किया चेतावनी पत्र
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं को कड़ा चेतावनी पत्र जारी किया है। संगठन सृजन अभियान के तहत हुई जिला अध्यक्षों की नियुक्तियों के विरोध में सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों को लेकर यह कार्रवाई की गई है। पार्टी ने साफ किया है अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पार्टी ने संगठन सृजन अभियान के तहत हाल ही में घोषित 71 जिला अध्यक्षों की नियुक्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट और बयानों को 24 घंटे के अंदर हटाने का आदेश दिया है। ऐसा न करने पर नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पार्टी नेताओं में बढ़ते असंतोष के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं से एकजुटता की अपील की है।
दरअसल, प्रदेश में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद कई जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने खुलकर विरोध जताया था। गुना, इंदौर, उज्जैन, रीवा, सतना, भिंड, मंदसौर, बुरहानपुर, देवास समेत 15 जिलों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर नाराजगी देखी गई। कुछ नेताओं ने तो नियुक्तियों में पैसे के लेन-देन और सिफारिश जैसे गंभीर आरोप भी लगाए।
पार्टी विरोधी गतिविधियां नहीं होंगी बर्दाश्त
पार्टी ने साफ किया है कि संगठन के भीतर अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व ने अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया है कि अगर कोई भी पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चेतावनी पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आने वाले चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करें।
