भाजपा की जिला कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में
भोपाल। भाजपा द्वारा जिलों में संगठनात्मक मजबूती के लिए कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जिलों में भेजे गए पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट अब प्रदेश मुख्यालय तक पहुंच रही हैं और संगठन द्वारा उन पर मंथन किया जाना है।
सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक जिले में भेजे गए दो-दो पर्यवेक्षकों ने वहां जाकर सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष सहित 50 से 60 स्थानीय और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर संभावित नाम एकत्र किए हैं। इसके अलावा, जुलाई महीने में प्रदेश अध्यक्ष द्वारा सभी जिला अध्यक्षों से कार्यकारिणी के लिए पैनल मांगा गया था। अब इन पैनलों और पर्यवेक्षकों की रिपोर्टों के आधार पर चयन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। कुछ पर्यवेक्षकों ने अपनी रिपोर्ट पहले ही प्रदेश कार्यालय में सौंप दी है, जबकि शेष पर्यवेक्षक जल्द ही अपनी रिपोर्ट संगठन को सौंपेंगे। रिपोर्टों के विश्लेषण के बाद, प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और संभाग प्रभारियों की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें यह तय किया जाएगा कि किसे जिला कार्यकारिणी में स्थान दिया जाए। माना जा रहा है कि पितृपक्ष आरंभ होने से पहले भाजपा अधिकांश जिलों में अपनी कार्यकारिणी की घोषणा कर देगी।
