प्रदेश में बनेगा पुलिस भर्ती बोर्ड, होगी भर्तियां
मुख्यमंत्री ने कहा हर साल होगी साढ़े सात हजार पदों पर भर्ती
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अभी पुलिस विभाग की भर्ती कर्मचारी चयन मंडल से होती है। इसमें कुछ वक्त लग जाता है। पुलिस को जल्द से जल्द मानव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में मप्र पुलिस भर्ती बोर्ड का गठन किया जाएगा। इससे पुलिस भर्तियों में तेजी, पारदर्शिता और परफेक्शन आएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री निवास पर स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के राज्य स्तरीय समारोह में पदक विजेता अधिकारी-कर्मचारियों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 के लिए स्वीकृत पदों की भर्ती मप्र पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से कर्मचारी चयन मंडल, भोपाल द्वारा की जाएगी। आगामी वर्षों की भर्तियां ’पुलिस भर्ती बोर्ड’ द्वारा की जायेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुलिस, जेल और नगर सेना एवं सुरक्षा तीनों विभागों के शहीदों की विधवाओं और बच्चों के लिए स्नातक स्तर के सभी कोर्सेस में विभिन्न प्राथमिकता श्रेणियों में एक अतिरिक्त सीट पर आरक्षण दिया जाएगा।
तीन साल में सभी रिक्त पद भरे जाएंगे
पुलिस भर्ती पर विशेष जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष हमने 7,500 रिक्त पदों पर भर्ती की अनुमति दी है। पुलिस के करीब 22 हजार 500 पदों पर भर्ती होनी है। इसलिए अब हर साल 7,500-7,500 पदों पर भर्ती कर तीन साल में पुलिस विभाग के सभी रिक्त पद भर दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीवीआईपी ड्यूटी में तैनात सुरक्षा कर्मचारियों सहित उप पुलिस अधीक्षक और इससे उच्च अधिकारियों को भी अब छठवें वेतनमान का पद पात्रतानुसार निर्धारित विशेष भत्ता एवं जोखिम भत्ता दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गृह विभाग से जुड़ी सभी सेवाओं के आधुनिकीकरण एवं भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए बहुत जल्द गृह एवं वित्त विभाग की संयुक्त बैठक कर सभी लंबित मसलों का समुचित समाधान निकाला जाएगा।
महलपुर पाठा के मंदिर को मिलेगा भव्य स्वरूप
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर रायसेन जिले के गैरतगंज के महलपुर पाठा स्थित मंदिर परिसर में आयोजित श्री कृष्ण पर्व कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महलपुर पाठा स्थित भगवान श्रीकृष्ण के इस मंदिर में राधा और रुकमणि एक साथ विराजमान हैं। जो राय सबकी मानी जाए उसे ही रायसेन कहते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संतों से ही हमारी संस्कृति फल-फूल रही है। राज्य सरकार ने विरासत को सहेजने के लिए अनेक विकास कार्य शुरू किए हैं। महलपुर पाठा के मंदिर का जीर्णोद्धार कर इसे भव्यतम रूप प्रदान किया जाएगा और आगामी वर्षों में यहां विशाल मेले का आयोजन भी होगा।
