वोट चोरी को लेकर आक्रामक हुई कांग्रेस, चलाएगी अभियान
विधायक, पूर्व विधायक जुटाएंगे फर्जी मतदाताओं की जानकारी
भोपाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ’वोट चोरी’ के आरोपों के बाद कांग्रेस इस मुद्दे पर आक्रामक हो गई है। भोपाल में हुई मध्य प्रदेश कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में पार्टी ने 2018 और 2023 के विधानसभा चुनावों के फर्जी वोटर्स का डेटा जुटाने का फैसला किया है।
प्रदेश कांग्रेस ने बुधवार को भोपाल स्थित अपने प्रदेश कार्यालय में राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक आयोजित की। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर प्रदेश स्तर पर विरोध करने की तैयारी कांग्रेस ने की है। पार्टी नेताओं ने 2018 और 2023 के विधानसभा चुनावों के विधायकों और पूर्व उम्मीदवारों को निर्देश दिया है कि वे अपने निर्वाचन क्षेत्रों से फर्जी मतदाताओं की विस्तृत जानकारी, मतदाता सूची और साक्ष्य एकत्र करें। विधायकों ने रिपोर्ट तैयार करने के लिए 10 दिन का समय मांगा है। रिपोर्ट तैयार होने के बाद, मध्य प्रदेश कांग्रेस को उम्मीद है कि राज्य के सभी निर्वाचन क्षेत्रों में कथित मतदाता धोखाधड़ी का पूरा डेटा उपलब्ध होगा। बैठक में तय किया गया वोट चोरी मामले को अभियान के रूप में प्रदेशभर में चलाया जाएगा।
इस तरह चलेगा कांग्रेस का अभियान
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जरिए अलग-अलग मुद्दे बनाकर सरकार को घेरा जाएगा। 14 अगस्त को रात 8 बजे कैंडल मार्च निकाला जाएगा। 22 अगस्त से 7 सितंबर तक पूरे प्रदेश के अलग-अलग जिलों में निकाली रैली निकाली जाएगी। बड़े शहर और राजधानी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रैली का नेतृत्व करेंगे, 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। घर-घर पहुंच कर कांग्रेस लोगों को जोड़ने का प्रयास करेगी। अलग-अलग कमेटी बनाकर दी जाएगी जिम्मेदारी। कमेटी के जरिए अलग-अलग मुद्दे बनाकर सरकार को घेरा जाएगा। बुद्धिजीवी वर्ग, सामुदायिक नेता, स्थानीय प्रभावशाली नेता को हस्ताक्षर अभियान में भागीदारी बनाने के निर्देश दिए गए। हस्ताक्षर अभियान के लिए प्रपत्र जारी किया जाएगा।
संवैधानिक संस्थाओं की छवि धूमिल कर रही कांग्रेस
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव प्रक्रिया और लोकतंत्र पर उठाए गए सवालों को लेकर मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने पलटवार किया है। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर झूठ और फरेब की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस विपक्ष में रहकर देश के लोकतांत्रिक संस्थानों को बदनाम करने की सुपारी ले चुकी है। मंत्री सारंग ने आगे कहा है कि राहुल गांधी और उनकी टीम ‘वोट चोरी’ जैसे शब्दों का प्रयोग करके लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
