स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस परेड और रिहर्सल
भोपाल। राजधानी भोपाल में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह मुख्यमंत्री डा मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में 15 अगस्त को लाल परेड ग्राउंड में आयोजित होगा। बुधवार को पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की मौजूदगी में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस परेड एवं फाइनल रिहर्सल यहां लाल परेड ग्राउंड में हुई।
फाइनल अभ्यास परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के सहायक पुलिस आयुक्त इंदौर आदित्य पटले ने किया। सहायक परेड कमांडर की भूमिका सहायक पुलिस आयुक्त दिव्या झारिया ने निभाई। संयुक्त अभ्यास परेड में पुलिस बैंड सहित कुल 18 टुकड़ियों ने भाग लिया। इनमें गुजरात पुलिस बल, सशस्त्र सीमा बल, महिलाओं का विशेष सशस्त्र बल, जिला बल एवं रेल की संयुक्त टुकड़ी, विशेष सशस्त्र बल (उत्तरी जोन), हॉकफोर्स, एसटीएफ, जिला पुलिस बल, जेल विभाग (महिला), विशेष सशस्त्र बल (दक्षिणी जोन), शासकीय रेल पुलिस, नगर सेना (होमगार्ड), एन.सी.सी. सीनियर डिविजन, एयर विंग, नेवल विंग(बॉयज संयुक्त टुकड़ी), एन.सी.सी.सीनियर विंग, एयर विंग, नेवल विंग(गर्ल्स संयुक्त टुकड़ी), गाइड गर्ल्स, स्काउट्स बॉयज, शौर्य दल, पुलिस बैंड तथा अश्वारोही दल शामिल है।
पदक अलंकरण प्राप्त करने का अभ्यास
प्रतीक स्वरूप संदेश वाचन के बाद राष्ट्रपति पदक प्राप्त 65 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी मुख्य अतिथि से पदक अलंकरण प्राप्त करने का अभ्यास किया। अंत में परेड कमाण्डर और परेड में शामिल सभी दलों के प्लाटून कमाण्डरों ने मुख्य अतिथि को अपना परिचय देने का अभ्यास भी किया।
