राहुल गांधी की गिरफ्तारी का विरोध, प्रदर्शन कर जलाया पुतला
भोपाल। वोटर वेरिफिकेशन और चुनाव में वोट चोरी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा मार्च निकालने के दौरान उन्हें हिरासत में लेने के विरोध में आज भोपाल में प्रदर्शन कर पुतला जलाया गया।
यह विरोध प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना के नेतृत्व में आयोजित किया गया कांग्रेस पार्टी ने इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया। प्रदर्शन में कांग्रेस नेता भी शामिल हुए। इस अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि पूरे लोकतंत्र का अपहरण कर लिया गया है। वोटो की चोरी करके बेईमानी से सरकार बनाई गई है और अब उल्टा चोर कोतवाल को डांट रहा है। निर्वाचन आयोग को नकली मतदान की जानकारी तथ्यों के साथ दी गई थी, लेकिन जांच करने की बजाय राहुल गांधी जी को गिरफ्तार कर लिया गया। यह पूरे देश में राजनीतिक संस्कृति को समाप्त करने का प्रयास है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए यह संघर्ष जारी रहेगा और जनता के अधिकारों को छीनने की कोशिश करने वालों के खिलाफ हर स्तर पर आवाज बुलंद की जाएगी।
