युवा कांग्रेस ने जुटाई साढ़े सात करोड़ की राशि
सदस्यता और चुनाव के जरिए एकत्रित की राशि
भोपाल। युवा कांग्रेस ने सदस्यता अभियान और संगठन चुनावों के माध्यम से प्रदेश में 7.5 करोड़ से अधिक की राशि जुटाई है। यह राशि संगठन को मिलने वाली अब तक की सबसे बड़ी धनराशि है, जो लगभग पौने आठ करोड़ तक पहुंच सकती है।
युवा कांग्रेस ने 20 जून से 19 जुलाई तक चले सदस्यता अभियान में कुल 15 लाख 37 हजार 527 नए सदस्य बनाए। इन सभी से 7 करोड़ 68 लाख 76 हजार 350 का शुल्क लिया जाना था, जिसमें से 7 करोड़ 37 लाख 24 हजार 400 की राशि प्राप्त हो चुकी है। करीब 31 लाख का शुल्क अभी भी जमा हना बाकी है। सदस्यता शुल्क के अलावा, युवा कांग्रेस ने चुनावों में हिस्सा लेने वाले उम्मीदवारों से भी शुल्क लिया। यह शुल्क पद के अनुसार अलग-अलग था, जिसमें महिला, एससी, एसटी और बीपीएल श्रेणी के उम्मीदवारों को रियायत दी गई थी।
किसकी कितनी तय था शुल्क
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का चुनाव लड़ने वालों को 150 रुपए और रियायत वालों को 100 रुपए फीस थी। इसी तरह विधानसभा कमेटी का चुनाव लड़ने वालों के लिए 500 रुपए और रियायत वालों को 250 रुपए, जिला कमेटी का चुनाव लड़ने की फीस तीन हजार रुपए और रियायत वालों को 1500 रुपए, प्रदेश कमेटी का चुनाव लड़ने वालों की फीस 7500 और रियायत वालों की फीस 4 हजार रुपए थी।
प्रदेश अध्यक्ष के उम्मीदवारों से मिला 1 लाख शुल्क
प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए 19 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनसे 1 लाख से अधिक का शुल्क प्राप्त हुआ है। इसके अलावा, प्रदेश महासचिव के 182 उम्मीदवारों से करीब 12 लाख से ज्यादा की फीस ली गई है। इस तरह, युवा कांग्रेस को सदस्यता शुल्क और चुनाव शुल्क दोनों से बड़ी आर्थिक मदद मिली है।
