कांग्रेस में संगठन सर्जन और वोट चोरी पर मंथन, दिल्ली-भोपाल में बैठकें
भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस आगामी दो दिनों में संगठन सशक्तिकरण और वोट चोरी के खिलाफ रणनीति को लेकर दो महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन करने जा रही है। पार्टी नेतृत्व एक ओर जहां नए जिला अध्यक्षों के चयन को अंतिम रूप देने जा रहा है, वहीं दूसरी ओर वोट चोरी के खुलासे को लेकर व्यापक योजना पर भी मंथन होगा।
दिल्ली में होने वाली बैठक में कांग्रेस अपने संगठन सृजन अभियान को गति देगी। इस बैठक में मध्यप्रदेश के नए जिला अध्यक्षों के नामों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 15 अगस्त से पहले जिला अध्यक्षों की सूची जारी की जा सकती है। कांग्रेस का लक्ष्य है कि जमीनी स्तर पर संगठन को सशक्त किया जाए और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हो, जिससे आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पार्टी को मजबूती मिले।
वोट चोरी पर रणनीतिक बैठक
13 अगस्त को भोपाल में पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश में कथित वोट चोरी को लेकर पार्टी की आगे की रणनीति तय की जाएगी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने हाल ही में कई विधानसभा क्षेत्रों में फर्जी मतदाताओं की मौजूदगी का गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी का दावा है कि उसने प्रदेशभर से नेताओं, विधायकों और पूर्व प्रत्याशियों के माध्यम से संबंधित डेटा एकत्र किया है, जो इस अभियान की नींव बनेगा।
