यूथ कांग्रेस चुनाव, दिग्गजों के गढ़ में फीकी रही सदस्यता
मुख्यमंत्री के क्षेत्र उज्जैन से सबसे ज्यादा युवा जुड़े यूथ कांग्रेस से
भोपाल। मध्यप्रदेश में यूथ कांग्रेस के चुनाव को लेकर सदस्यता अभियान के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। प्रदेश के दिग्गज कांग्रेस नेताओं के प्रभाव वाले जिलों में अपेक्षा के विपरीत युवाओं ने कम संख्या में सदस्यता ली है, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह जिले उज्जैन से रिकॉर्ड सदस्यता दर्ज की गई है।
यूथ कांग्रेस द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, पूरे प्रदेश में करीब 15 लाख युवाओं ने संगठन से जुड़कर चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लिया, लेकिन वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के गढ़ कहे जाने वाले जिलों में युवाओं की भागीदारी उम्मीद से काफी कम रही। पूर्व मुख्यमंत्रीकमलनाथ, दिग्विजय और पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव के प्रभाव वाले जिलों में निराशाजनक आंकड़े सामने आए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गृह जिले छिंदवाड़ा से सिर्फ 3,287 सदस्य बनाए गए, जबकि उनके प्रभाव वाले पांढुर्णा में यह संख्या 4,401 रही। इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके पुत्र जयवर्धन सिंह के प्रभाव वाले राजगढ़ से 43,837, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव के प्रभाव वाले खंडवा से 17,885 और खरगोन से 23,846 युवाओं ने सदस्यता ली।
उमंग सिंघार निकले आगे
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के गृह जिले धार से 55 हजार युवाओं ने सदस्यता लेकर युवा कांग्रेस पदाधिकारियों के चुनाव में हिस्सा लिया। राज्य के पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया के पुत्र यश घनघोरिया भी इस चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं उनके पिता के प्रभाव वाले जबलपुर ग्रामीण 25746, जबलपुर शहर 56664 सदस्य संख्या रही है। ऑनलाइन प्रक्रिया से हुई सदस्यता भोपाल शहर में 53 हजार और भोपाल ग्रामीण में 11 हजार युवाओं ने सदस्यता ली। इसी तरह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के प्रभाव वाले जिलों इंदौर ग्रामीण 57867, इंदौर ष्शहर 19874 और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के प्रभाव वाले जिले सीधी में सीधी 31366 सदस्य बनाए गए। वहीं विधायक विक्रांत भूरिया के प्रभाव वाले जिले झाबुआ में 19437 सदस्य बनाए गए हैं।
मुख्यमंत्री के क्षेत्र में सबसे ज्यादा सदस्य बनाए
उज्जैन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह जिला है। उज्जैन 74020 सदस्य बनाए गए। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विदिशा जिले में 43566 बने हैं। विदिशा को कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान में मॉडल जिले के रूप में भी अपनाया है।
