दलित समाज की रक्षा के लिए संघर्ष करने का लिया संकल्प
भोपाल। कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग द्वारा आयोजित सामाजिक न्याय कार्यक्रम में दलित समाज के प्रति असंवेदनशीलता और अन्यायपूर्ण रवैये की कड़ी आलोचना की। कार्यक्रम में दलित समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस के संघर्ष को जारी रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि भाजपा सरकार अनुसूचित जाति और दलित समाज के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। गाँव-गाँव में स्कूल बंद किए जा रहे हैं। शिक्षा के बिना हमारे बच्चे फिर से मजदूरी करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। यह सामाजिक न्याय नहीं, बल्कि सामाजिक अन्याय है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा मध्य प्रदेश में दलित, आदिवासी और वंचित समाज पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं। भाजपा सरकार इन घटनाओं पर मौन है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। कांग्रेस पार्टी न केवल इन अन्यायों के खिलाफ लड़ेगी, बल्कि हर दलित और वंचित परिवार के लिए सम्मान, सुरक्षा और अवसर सुनिश्चित करेगी।
सामाजिक न्याय केवल नारा नहीं
अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने कहा सामाजिक न्याय केवल नारा नहीं, यह दलित और वंचित समाज का अधिकार है। हम तब तक संघर्ष करेंगे, जब तक हर अन्याय का अंत नहीं हो जाता।
