हिन्दू कभी आतंकवादी नहीं हो सकताः डा मोहन यादव
भोपाल। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि साध्वी प्रज्ञा के मामले में न्यायालय ने दूध का दूध, पानी का पानी कर दिया। कांग्रेस के सारे षड्यंत्र फेल हो गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यायालय में यह भी सिद्ध हो गया कि हिन्दू कभी आतंकवादी नहीं हो सकता।
विधानसभा परिसर में मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि साध्वी जी के मामले में न्यायालय का फैसला दूध का दूध, पानी का पानी हो गया। कांग्रेस के सारे षड्यंत्र फेल हुए और उनका मनगढ़ंत ‘भगवा आतंकवाद’ का नाटक उजागर हो गया। उन्होंने कहा कि न्यायालय ने सिद्ध कर दिया कि हिंदू कभी आतंकवादी नहीं हो सकता। राहुल गांधी लोकतंत्र के सबसे मजबूत आधार स्तंभों न्यायालय, चुनाव आयोग और सेना पर लगातार प्रहार कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट से कई बार फटकार और माफी मांगने के बाद भी वे अदालतों पर भरोसा नहीं जताते।
नेता प्रतिपक्ष पद की गरिमा घटा रहे राहुल गांधी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी हमारी सेनाओं ने दुश्मन देशों को करारा जवाब दिया, राहुल गांधी सेना की सराहना करने के बजाय चीन और पाकिस्तान की भाषा बोलते रहे। यही वजह है कि आज कांग्रेस पूरी तरह से खत्म हो रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को समझना चाहिए कि लोकतंत्र को कमजोर करने से उनकी पार्टी नहीं बच सकती। बेहतर होगा कि वे विपक्ष की भूमिका संविधान के दायरे में रहकर निभाएं और अपनी पार्टी का जनाधार बढ़ाने पर ध्यान दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा को ऊंचा किया था, लेकिन राहुल गांधी उस पद की गरिमा घटा रहे हैं।
