तीन दिन में खाद संकट नहीं सुलझा तो होगा आंदोलन
0
किसान कांग्रेस की चेतावनीभोपाल। प्रदेश में जारी यूरिया संकट को लेकर किसान कांग्रेस ने शिवराज सरकार को कड़ी चेतावनी दी है। किसान कांग्रेस ने कहा है कि यदि अगले तीन दिनों में किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं कराया गया, तो प्रदेशव्यापी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।किसान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि प्रदेश में खाद की किल्लत कृत्रिम है। उनका दावा है कि निजी विक्रेता मनमाने दामों पर खाद बेच रहे हैं, जबकि सरकारी गोदामों और सहकारी समितियों से खाद नदारद है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बोरी पर तय कीमत से अधिक वसूला जा रहा है, जिससे धान उत्पादक किसान सर्वाधिक परेशान हैं। चौहान ने बताया कि लगभग एक दर्जन जिलों में किसान खाद के लिए लंबी कतारों में खड़े हैं और हाईवे जाम कर रहे हैं। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह अपनी गलती स्वीकारने के बजाय कांग्रेस पर दोष मढ़ रही है। चौहान ने चेतावनी दी कि यदि सरकार किसानों के साथ धोखा करती है, तो किसान कांग्रेस सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।कालाबाजारी करने वालों के लिए बंद कर फिर खोला मूंग पंजीकरणकिसान कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने कालाबाजारी करने वाले एजेंटों के लिए पंजीकरण बंद करने के बाद फिर से खोल दिया, जिससे किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचनी पड़ी और एजेंटों ने समर्थन मूल्य पर उन्हीं उपज को बेचकर करोड़ों का मुनाफा कमाया। किसान कांग्रेस ने इस कदम को प्रदेश के लाखों किसानों के साथ घोर विश्वासघात बताया है।
