जबलपुर-रायपुर, रीवा-पुणे ट्रेन शुरु
मुख्यमंत्री ने कहा पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
भोपाल। जबलपुर और रीवा के लिए दो नई ट्रेन शुरू हुई हैं। उज्जैन से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअली ट्रेनों को रवाना किया। इनमें पहली जबलपुर-रायपुर एक्सप्रेस और दूसरी रीवा-पुणे (हडपसर) एक्सप्रेस शामिल हैं।
मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि ये ट्रेनें जबलपुर-रायपुर ट्रेन रानी दुर्गावती की वीरता को छत्तीसगढ़ से जोड़ेगी, जबकि रीवा-पुणे ट्रेन रीवा और चित्रकूट की भूमि को महाराष्ट्र से जोड़ेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि इटारसी-नागपुर चौथी रेल लाइन को भी मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना से नर्मदापुरम, बैतूल, पांढुर्णा और नागपुर जैसे क्षेत्रों को लाभ होगा, और यह महाकालेश्वर से रामेश्वरम तक की ज्योतिर्लिंग यात्रा को भी आसान बनाएगी। जबलपुर-रायपुर एक्सप्रेस और रीवा-पुणे (हडपसर) एक्सप्रेस के शुभारंभ से यात्रियों के साथ-साथ व्यापार-व्यवसाय और पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। बघेलखंड के रीवा में टाइगर सफारी और शक्तिपीठ मां शारदा देवी के दर्शन सुलभ हो पाएंगे। इसी प्रकार संस्कारधानी जबलपुर और भेड़ाघाट आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय श्रम मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे।
लाड़ली बहनों के खातों में 7 अगस्त को जमा होगी अरिक्ति राशि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बेस्ट लाइफस्टाइल कंपनी उज्जैन में कार्यशील बहनों द्वारा आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी 7 अगस्त को लाड़ली बहनों के खातों में 250 रुपए की अतिरिक्त राशि रक्षाबंधन के शगुन के रूप में दी जायेगी, जो रक्षाबंधन पर भाई की तरफ से छोटा सा उपहार है। यह राशि प्रतिमाह मिलने वाली 1250 रुपए से अतिरिक्त होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन की बेस्ट लाइफ स्टाइल कंपनी में वर्तमान में 1500 बहनों को रोजगार मिल रहा है। आने वाले समय में 4 हजार बहनों को रोजगार मिलेगा। इसके लिए सरकार कंपनी को नवीन जगह दे रही है, जहां बहनों के लिए आवासीय सुविधा भी उपलब्ध होंगी।
