मूंग खरीदी केन्द्रों की कमी, 25 अगस्त तक की जाए खरीदी
दिग्विजय सिंह ने लिखा मुख्यमंत्री को पत्र
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक पत्र लिखकर नर्मदापुरम जिले में मूँग खरीदी केन्द्रों की कमी के कारण उत्पन्न समस्याओं के निराकरण के लिए अनुरोध किया है।
सिंह ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि नर्मदापुरम जिले में मूँग खरीदी केन्द्रों की कमी के कारण किसानों को विभिन्न समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने बताया कि किसान नेता पुष्पराज सिंह पटेल ने उन्हें इस संबंध में जानकारी दी है और समस्याओं के निराकरण के लिए अनुरोध किया है। सिंह ने मांग की है कि जिन किसानों की स्लॉट बुकिंग की तारीख निकल गई है, उन किसानों की स्लॉट बुकिंग दोबारा होनी चाहिए, मध्यप्रदेश में समर्थन मूल्य पर मूँग खरीदी की अंतिम तारीख 7 अगस्त है, जिसे बढ़ाकर 25 अगस्त किया जाए। उन्होंने मांग की कि जिला नर्मदापुरम में डी.ए.पी. खाद की बड़ी कमी है, किसान एक-एक बोरी खाद के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार द्वारा डी.ए.पी. खाद की कमी को दूर करने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
