मोदी, शाह को प्रदेश की उपलब्धियों से अवगत कराया
ख्यमंत्री ने दिल्ली में की मुलाकात, 18 माह के कार्यकाल का लेखा-जोखा बताया
भोपाल। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने आज दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने 18 माह के कार्यकाल का लेखा-जोखा बताया और भविष्य के लिए प्रधानमंत्री से मार्गदर्शन और सहयोग का अनुरोध किया।
मोहन यादव गुरुवार को पार्लियामेंट हाउस पहुंचे थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के दौरान उन्होंने कहा कि उनकी सरकार मध्य प्रदेश में सुशासन के 18 महीने पूरे कर चुकी है। पीएम मोदी की विरासत से प्रदेश विकास की राह पर चल रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को मध्यप्रदेश की उपलब्धियों एवं नवाचार पर केंद्रित पुस्तिका “विरासत से विकास की राह” भेंट की। पुस्तिका में प्रदेश की अर्थव्यवस्था, औद्योगिक विकास, गरीबी उन्मूलन, जनजाति कल्याण, किसान कल्याण, नारी शक्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुशासन, शहरी विकास, अधोसंरचना विकास, पर्यटन एवं संस्कृति संरक्षण और पर्यावरण संबंधी गतिविधियों एवं उपलब्धियों का ब्यौरा शामिल है।
दुबई और स्पेन यात्रा के बारे में दी जानकारी
मुख्यमंत्री डा यादव ने अपनी दुबई और स्पेन यात्रा के बारे में भी प्रधानमंत्री को विस्तार से बताया। सीएम मोहन यादव हाल ही में दोनों देशों की यात्रा पर गए थे। इस दौरान दोनों देशों के कई निवेशकों ने मध्य प्रदेश में निवेश करने की इच्छा जताई। मध्य प्रदेश में कुल 11 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश के प्रस्ताव मिले हैं।
