भ्रष्टाचार को मिल रहा बढ़ावा, कानून व्यवस्था भी बिगड़ी
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्र और राज्य सरकार पर जनता को गुमराह करने, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और कानून-व्यवस्था में पूरी तरह विफल रहने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश दोनों ही असुरक्षा, अव्यवस्था और धोखाधड़ी के दौर से गुजर रहे हैं।
पटवारी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग में ट्रांसफर घोटाला सामने आया है। शिक्षकों के ऑनलाइन ट्रांसफर पोर्टल पर 5.70 करोड़ खर्च किए गए, लेकिन पोर्टल क्रैश हो गया। 4,503 शिक्षकों ने आवेदन किया, लेकिन 11,584 तबादले कर दिए गए। नियमों के अनुसार केवल 10 फीसदी तबादले संभव थे, लेकिन विभाग ने मनमानी करते हुए 7,976 स्वैच्छिक तबादले किए।
पटवारी ने कहा कि प्रदेश में औसतन हर दिन 20 बलात्कार और 38 महिलाएं लापता हो रही हैं। महिला अपराधों में 33 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि हुई है, लेकिन न्याय की दर अत्यंत कम है। दलित और आदिवासी वर्ग पर अत्याचार लगातार जारी हैं, जिससे समाज में असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। उन्होंने कहा कि कहा कि कृषि मंडियों में अव्यवस्था और फसल समर्थन मूल्य में धोखाधड़ी लगातार जारी है। सरकार ने गेहूं, लहसुन, प्याज, आलू और सोयाबीन के लिए उचित मूल्य का वादा किया था। हकीकत यह है कि सोयाबीन आज भी 4,000 रुपये प्रति क्विंटल से नीचे बिक रहा है, जबकि सरकार ने 6,000 रुपये का वादा किया था। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस उनके घरों के सामने अनशन करेगी।
