मसूद को मारने की धमकी, विधायक समर्थकों ने दर्ज कराई एफआईआर
भोपाल। राजधानी भोपाल से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा मैं कल मसूद को मार दूंगा। मामला सामने आने पर विधायक के समर्थकों ने धमकी देने वाले के खिलाफ शाहजहानाबाद थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। हालांकि धमकी में सिर्फ “मसूद” शब्द का उल्लेख है। मसूद हैं कौन इसका उल्लेख नहीं किया गया है।
दरअसल सचिन सूर्यवंशी नाम की प्रोफाइल से सोशल मीडिया पर धमकी मिली है। उसने पोस्ट में लिखा है कि देशहित में मरना मारना पसंद है मुझे, जो भी नरसंहार हुआ है, उसके लिए देशद्रोहियों को मारूंगा जो सपोर्ट कर रहे हैं। आरोपी के सोशल मीडिया डीपी पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ फोटो लगी है। धमकी देने वाले सोशल मीडिया पर सवाल उठाया है कि मुझे जेल से छुड़ाने की जिम्मेदारी कौन लेगा। उसके पोस्ट पर कई लोगों ने कमेंट्स भी किए है। एक यूजर ने लिखा भाई करो, मैं छुड़वा लूगा। एक ने लिखा जय श्रीराम। हालांकि पुलिस जांच के बात चलेगा कि आरोपी ने विधायक आरिफ मसूद को धमकी दी है या मसूद नाम के कोई दूसरा व्यक्ति है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
नफरत और डर की राजनीति बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि विधायक आरिफ मसूद को जान से मारने की धमकी मिलना अत्यंत निंदनीय और चिंताजनक है। जनप्रतिनिधियों को धमकाना सीधे लोकतंत्र पर हमला है। मैं इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं और मांग करता हूं कि सरकार तत्काल दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करें। मध्यप्रदेश में डर और नफरत की राजनीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
