ओरछा में बनेगी भाजपा की जमीनी सक्रियता की रणनीति
भोपाल। भाजपा की नवगठित प्रदेश कार्यसमिति की पहली रणनीतिक बैठक 15 जुलाई के बाद धार्मिक नगरी ओरछा में आयोजित होने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की इस नई और ऊर्जावान टीम की पहली बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक आक्रामक, सक्रिय और मजबूत बनाना है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक 15 जुलाई के बाद कभी भी बुलाई जा सकती है, जिसमें संगठन को हर विधानसभा क्षेत्र में अजेय बनाने के लिए कार्यसमिति सदस्यों को बड़े स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। इस हाई-प्रोफाइल कार्यसमिति में मुख्यमंत्री डा मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत 106 मुख्य सदस्य शामिल हैं। बैठक में आगामी महीनों का संगठनात्मक एजेंडा तय करने के साथ-साथ राज्य की राजनीतिक चुनौतियों पर मंथन होगा। भाजपा का पूरा जोर हर बूथ, सबसे मजबूत अभियान के तहत विपक्षी दलों के गढ़ में सेंध लगाने और आगामी स्थानीय निकाय व दतिया उपचुनावों के लिए शुरुआती तैयारियों को अंतिम रूप देने पर रहेगा।
