जैन समाज पर टिप्पणी करना महंगा पड़ा भाजपा नेताओं को
पार्टी ने छह साल के लिए कर दिया निष्कासित
भोपाल। जबलपुर में वायरल हुए एक विवादित ऑडियो के मामले में भाजपा ने बड़ी कार्रवाई की है। भाजपा ने दो नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। कथित रूप से वायरल ऑडियो में यह दोनों नेता जैन समाज की तुलना रावण से कर रहे थे।
दरअसल, 16 अप्रैल को जैन समाज पर अभद्र टिप्पणियां करने का एक ऑडियो वायरल हुआ था। 4 मिनट 40 सेकेंड का ऑडियो जबलपुर उत्तर मध्य विधानसभा से विधायक प्रतिनिधि शैलेंद्र सिंह और भाजपा की मंडल अध्यक्ष जागृति शुक्ला का बताया गया। वायरल ऑडियो में दोनों नेता जैन समाज की तुलना मुस्लिमों और रावण से कर रहे थे। इसे लेकर समाज के लोगों ने थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग की थी। जबलपुर पुलिस ने भाजपा नेत्री जागृति शुक्ला और नेता शैलेंद्र सिंह राजपूत के खिलाफ अपराध दर्ज किया था। वहीं भाजपा प्रदेश संगठन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके साथ ही संगठन ने 3 दिनों के अंदर स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही 6 वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासन का भी अल्टीमेटम दिया था।
6 साल के लिए पार्टी से बाहर
अब पार्टी ने दोनों नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। जारी आदेश में कहा गया कि ‘जबलपुर नगर जिले के आचार्य विद्यासागर मंडल की अध्यक्ष जागृति शुक्ला और मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र राजपूत द्वारा समाज विशेष के प्रति अपमानजनक टिप्पणी की गई है, जिससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है। यह अनुशासनहीनता के दायरे में आता है। इसलिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा द्वारा जागृति शुक्ला और शैलेंद्र राजपूत को पार्टी की सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया जाता है।
