हर विधानसभा क्षेत्र में प्रभारी नियुक्त करेगी कांग्रेस
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी ने संगठन की मजबूती के लिए रणनीति बनाई है। प्रदेश की 230 विधानसभाओं में प्रदेश कांग्रेस का एक प्रतिनिधि होगा। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने 15 दिन के अंदर प्रभारी नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं।
राजधानी भोपाल में स्थित कांग्रेस कार्यालय में बैठक हुई। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत तमात पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में गुजरात के अहमदाबाद अधिवेशन के फैसलों पर चर्चा हुई। आगामी संगठन के कार्यक्रमों को लेकर रणनीति बनाई गई। जिला अध्यक्ष बदलने के साथ ही मीडिया, सोशल मीडिया टीम को मजबूत करने पर बातचीत की गई है। प्रदेश प्रभारी ने प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में संगठन की मजबूती के लिए प्लान बनाया हैं। प्रदेश की 230 विधानसभाओं में पार्टी का एक प्रतिनिधि होगा। हरीश चौधरी ने 15 दिन के भीतर प्रभारी नियुक्त करने की बात कही है। इसमें पूर्व प्रभारी,प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष सहित अन्य वरिष्ठ नेता हो सकते हैं। कांग्रेस 15 दिन में सभी प्रभारियों को प्रशिक्षण भी देगी।
गौरतलब है कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी पिछले दो महीने में प्रदेश के अलग-अलग संभागों का दौरा कर चुके हैं। गुजरात के अहमदाबाद में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन हुआ था। इस अधिवेशन में लिए गए फैसलों पर अब अमल शुरू कर दिया गया। वहीं राष्ट्रीय अधिवेशन के बाद प्रांतीय अधिवेशन की तैयारी भी की जा रही है। यह अधिवेशन संभवतः मई में मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें 2028 और 29 के चुनावों की रणनीति तय की जाएगी।
