मंत्री विजय शाह को दी जान से मारने की धमकी
1 मंत्री विजय शाह को दी जान से मारने की धमकी
सुरक्षा बढ़ाई, धमकी देने वाले को किया गिरफतार
भोपाल। जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह को जान से मारने की धमकी दी गई है। कैबिनेट मंत्री को जान से मारने को लेकर धमकी भरा पोस्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया गया है। जिसके बाद से हड़कंप मच गया है। धमकी भरे पोस्ट के बाद मंत्री की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
आरोपी ने अपने पोस्ट में लिखा है कि ‘हरसूद विधायक तेरी मौत तय है, तीन दिन में तेरा मर्डर हो जाएगा, बच सके तो बच। एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है। इसमें एक शख्स कह रहा है कि मेरा दिमाग खराब है, मैं 4 पेशी में गया। जिंदा रहने दो। उसको मारना है, भले मैं जेल चला जाउंगा। मंत्री को बोल दो, तीसरे दिन मार दूंगा। ये बात तय है।
जानकारी के मुताबिक जिस शख्स ने कैबिनेट मंत्री को धमकी दी है उसका नाम मुकेश दरबार है। आरोपी ग्राम रजूर निवासी है। उसने अपने फेसबुक वॉल पर धमकी भरा पोस्ट शेयर किया है। दावा किया जा रहा है कि जो ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल हो रही है, इसमें भी इसी आरोपी की आवाज है। ये शख्स मंत्री को खुलेआम धमकी दे रहा है।
आरोपी मुकेश दरबार गिरफ्तार
मामले की जानकारी लगते ही जिला पुलिस प्रशासन हरकत में आया। भारी पुलिस बल के साथ आरोपी मुकेश दरबार के गांव रजूर में पुलिस की टीमें पहुंच गईं और सर्चिंग कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके विरुद्ध हरसूद थाने में गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। बता दें की इससे पहले भी कई बार आरोपी मुकेश दरबार सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मंत्री शाह को टारगेट करता आ रहा है, उसके खिलाफ पहले भी दो प्रकरण दर्ज हुए थे।
मंत्री के बेटे के खिलाफ लड़ चुका है चुनाव
मुकेश दरबार पहले जिला पंचायत के उपाध्यक्ष पद के लिए मंत्री के बेटे के खिलाफ चुनाव लड़ा था, जिसमें उसे हार का सामना करना पड़ा था। तब से ही वह मंत्री और उनके परिवार के खिलाफ सोशल मीडिया पर लगातार टिप्पणियां करता रहा है। यहां तक कि उसने कई बार मंत्री के पोस्टर भी जलाए हैं। धमकी देने वाले मुकेश दरबार का मंत्री और उनके परिवार से पुराना विवाद होना बताया जा रहा है।
देवास न्यायालय में बाबू था, नौकरी से निकाला गया है मुकेश
मुकेश दरबार एक आदतन अपराधी है। उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह देवास में न्यायालय में बाबू के पद पर तैनात था, लेकिन लापरवाही के आरोप में उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था। उसके बाद से वह हरसूद में रहकर अपना वर्चस्व जमाने की कोशिश करता रहा है। प्रशासन ने उसे कई बार जिला बदर भी किया है।
मुकेश के कंधे पर बंदूक रखकर कोई और चला रहा गोली
मंत्री विजय शाह ने इस मामले पर कहा कि मुकेश दरबार के कंधे पर बंदूक रखकर उन लोगों द्वारा चलाने का प्रयास किया जा रहा है, जो राजनीति में सफल नहीं हो पाए। आम लोगों का दिल नहीं जीत पाए। वे अब इस तरह के नाटक कर रहे हैं। 35 साल से मैं, लोगों की सेवा कर रहा हूं। अब इस तरीके से हतोत्साहित करने का प्रयास हो रहा है, लेकिन मैं विजय शाह हूं। जनता मेरे साथ है। 35 साल से लगातार बहुमत से जिता रही है। मैं किसी की धमकी से भी नहीं डरता। प्रजातांत्रिक तरीके से कार्रवाई के लिए आया हूं। हमारी सरकार है। हमारे मुख्यमंत्री हैं। उनके निर्देशन में प्रशासन सात दिन में सही करवाई करेगा। ऐसी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र से मुझे धमकी मिली है। मैं आ भी गया हूं। तुमने पुकारा और हम चले आए, की तर्ज पर मैं आ भी गया हूं । मगर वह नहीं मिला।
