थानों में विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किए भाजपा विधायक ने
भोपाल। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा के भाजपा विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र के पुलिस थानों में विधायक प्रतिनिधियों की नियुक्तियां की हैं, इसके लिए उन्होंने बाकायदा नियुक्ति पत्र भी जारी किए हैं, जिसके बाद उनके इस फैसले की चर्चा जमकर हो रही है।
भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने अपनी विधानसभा क्षेत्र के 3 पुलिस थानों में विधायक प्रतिनिधियों की नियुक्ति पत्र जारी किए हैं। विधायक ने खुद इस बात को स्वीकारा कि पुलिस थानों में उन्होंने अपने प्रतिनिधियों की नियुक्ति की है। यह प्रतिनिधि थानों की बैठकों और कामों में शामिल होंगे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस पत्र की अब जमकर चर्चा हो रही है। किसी पुलिस थाने में स्थानीय विधायक का प्रतिनिधि नियुक्त करना शायद प्रदेश का ऐसा पहला मामला है।
बता दें कि प्रीतम लोधी शिवपुरी जिले की पिछोर से भाजपा विधायक है। लोधी हमेशा अपने कारनामों और बयानों से चर्चा में बने रहते है। बीते दिनों उन्होंने धनकुबेर सौरभ शर्मा मामले में पूर्व विधायक केपी सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। लोधी ने सौरभ शर्मा को केपी सिंह का पुत्र बताया था।
शासकीय प्रावधान नहीं
आमतौर पर सांसद और विधायक द्वारा अपने प्रतिनिधि नियुक्त किए जाते हैं। इनके जिम्मे जिला प्रशासन की विभिन्न बैठकों में शामिल होने का प्रावधान होता है। यह प्रतिनिधि इन बैठकों में शामिल होकर अपने नेता की बात रखने या जानकारी देने के लिए अधिकृत होते हैं। इसके लिए कोई शासकीय प्रावधान नहीं होता है। लेकिन, पुलिस विभाग में अपनी उपस्थिति दर्शाने के लिए प्रतिनिधि नियुक्त किए जाने का यह संभवतः पहला मामला है।
