पीड़ितों के पुनर्वास और जांच की मांग
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर इंदौर और भोपाल में हालिया मकानों की तोड़फोड़ पर सवाल उठाए हैं और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, मुआवजा व पुनर्वास देने की मांग की है। उन्होंने प्रदेश में भू-माफिया और अवैध कॉलोनियों से जुड़े मामलों की उच्चस्तरीय व स्वतंत्र जांच कराने का भी आग्रह किया है।
पत्र में पटवारी ने कहा कि 25 वर्षों के शासन के बाद भी आम नागरिक को सरकारी व्यवस्था की खामियों का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी और भोपाल के छेराखाना स्थित जनता क्वार्टर की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इससे कई परिवार बेघर हो गए हैं, उनकी जमा पूंजी उजड़ गई है और बैंक कर्ज व आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। पटवारी ने मुख्यमंत्री को कई सुझाव भी दिए हैं। इनमें प्रभावित परिवारों का जिला स्तर पर सर्वे कर विवरण सार्वजनिक करना, पुनर्वास तक बाजार दर के अनुरूप किराया सहायता देना, बैंक ऋण की किस्तों व ब्याज में राहत दिलाना और वैध दस्तावेज वाले मामलों की विशेष समीक्षा शामिल है। इसके अलावा उन्होंने पिछले 25 वर्षों की अवैध कॉलोनियों की जांच, विवादित कॉलोनियों की सूची जारी करने, तोड़फोड़ से पहले मानवीय प्रभाव आकलन करने और मुख्यमंत्री कार्यालय की निगरानी में आवास एवं भूमि विवाद राहत प्रकोष्ठ गठित करने की मांग की है।
