जनगणना की शुद्धता और समयबद्धता पर जोर, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
राज्य स्तरीय प्रशिक्षण के दौरान मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने दिए सख्त निर्देश
भोपाल। प्रदेश में जनगणना की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अमले को पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ काम करना होगा। राजधानी भोपाल स्थित नरोन्हा प्रशासन अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने प्रदेशभर के कलेक्टरों, संभागायुक्तों और नगर निगम आयुक्तों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और विकास की नीतियों का आधार बनते हैं, इसलिए डेटा की शुद्धता सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
जनगणना के दायरे को स्पष्ट करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि देश में मौजूद प्रत्येक व्यक्ति की गणना की जाएगी। चाहे कोई व्यक्ति शरणार्थी हो या किसी कैंप में रह रहा हो, यदि वह देश की सीमा में मौजूद है तो वह जनगणना का हिस्सा होगा। उन्होंने आगाह किया कि आंकड़ों में जरा-सी भी चूक या लापरवाही भविष्य की योजनाओं और उनके जमीनी क्रियान्वयन को प्रभावित कर सकती है।
फील्ड ट्रेनिंग में खुद मौजूद रहें कलेक्टर
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने मैदानी तैयारियों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों में फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में स्वयं शामिल हों और इस अहम जिम्मेदारी को अधीनस्थ अधिकारियों के भरोसे न छोड़ें। उनके अनुसार, जब जिला प्रमुख स्वयं प्रशिक्षण में मौजूद रहेंगे, तो मैदानी अमले में भी कार्य की गंभीरता का सही संदेश जाएगा। साथ ही, संभागायुक्तों को जनगणना की व्यक्तिगत निगरानी करने और नगर निगम आयुक्तों को शहरी क्षेत्रों की गणना पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
वीसी से जुड़े कलेक्टरों को नसीहत
कार्यक्रम में लगभग 30 कलेक्टरों के व्यक्तिगत रूप से उपस्थित न होने और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से जुड़ने पर मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि वीसी से जुड़े अधिकारी बैठक के दौरान अन्य कोई काम न करें, बल्कि पूरी चर्चा को ध्यानपूर्वक सुनें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई कर्मचारी कार्य में लापरवाही बरतता है, तो शुरुआत में ही उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर ढिलाई की गुंजाइश न रहे। मुख्य सचिव ने जनगणना निदेशालय को बार-बार अलग-अलग सर्कुलर जारी करने के बजाय सभी दिशा-निर्देशों को समाहित करते हुए एक विस्तृत हैंडबुक तैयार करने के निर्देश भी दिए।
एआई के दौर में आंकड़ों का रणनीतिक उपयोग
मुख्य सचिव ने बताया कि जनगणना के आंकड़े केवल जनसंख्या और साक्षरता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनसे महिला श्रम भागीदारी, रोजगार और प्रति व्यक्ति आय जैसे अहम आयामों का भी गहन विश्लेषण संभव है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में इस डेटा का समुचित उपयोग कर रोजगारोन्मुखी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने एशियाई देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां महिलाओं की कार्यबल में भागीदारी अधिक है और समान अवसर उपलब्ध हैं, वहां विकास की रफ्तार भी तेज रही है।
