मंत्री देंगे तीन साल का हिसाब, दो साल की बताएंगे कार्ययोजना
चित्रकूट में दो दिवसीय चिंतन शिविर, सिद्धि, साधना और संकल्प होगी थीम
भोपाल। प्रदेश की मोहन यादव सरकार अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर आत्ममंथन और भविष्य की रणनीति तैयार करने जा रही है। इसके तहत आगामी 21 और 22 दिसंबर को धार्मिक नगरी चित्रकूट में दो दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा। सिद्धि, साधना और संकल्प की थीम पर होने वाले इस शिविर में सरकार के अब तक के कामकाज की समीक्षा के साथ-साथ आगामी दो वर्षों के लक्ष्यों का रोडमैप तैयार किया जाएगा।
सरकार का यह चिंतन शिविर पिछले आयोजनों से काफी अलग रहने वाला है। पहली बार अधिकारियों के बजाय मंत्री स्वयं अपने-अपने विभागों का प्रेजेंटेशन देंगे। इसमें मंत्रियों को न केवल अपने विभाग की प्रमुख उपलब्धियां और पूरे किए गए लक्ष्य गिनाने होंगे, बल्कि उन योजनाओं की जानकारी भी देनी होगी जिनमें अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी है या जो तय समय-सीमा में पूरे नहीं हो पाए हैं। इसके साथ ही अगले दो साल की प्राथमिकताओं और कार्ययोजना का खाका भी पेश किया जाएगा।
दिसंबर के पहले पखवाड़े में शुरू होंगी तैयारियां
शिविर में प्रभावी प्रस्तुतीकरण के लिए मंत्रियों को अभी से होमवर्क करने के निर्देश दिए गए हैं। तैयारियों के तहत दिसंबर के पहले पखवाड़े में सभी मंत्री अपने-अपने विभाग के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इन्हीं बैठकों में विभागीय योजनाओं का आकलन कर प्रेजेंटेशन की अंतिम रूपरेखा तैयार की जाएगी।
पांच प्रमुख स्थलों में से चित्रकूट पर लगी मुहर
चिंतन शिविर के आयोजन के लिए सरकार के स्तर पर प्रदेश के पांच प्रमुख स्थानों भोपाल, ओरछा, खजुराहो, पचमढ़ी और चित्रकूट के नामों पर विचार किया गया था। अंततः आध्यात्मिक और शांत वातावरण को देखते हुए चित्रकूट के नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई। इस शिविर के जरिए सरकार अपनी उपलब्धियों का आकलन करने के साथ ही मिशन-2028 के लिए स्पष्ट प्राथमिकताओं के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
