भाजपा कोर कमेटी में होगा फेरबदल, लागू हो सकती है नई व्यवस्था
पद और जिम्मेदारियों के आधार पर तय होगी सदस्यों की नियुक्ति, केंद्रीय नेतृत्व बनाएगा नए मानक;
भोपाल। प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी में बड़े फेरबदल की तैयारी चल रही है। पार्टी अब कोर कमेटी के गठन के लिए नई व्यवस्था लागू करने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत सदस्यों का चयन राज्य नेतृत्व की पसंद के बजाय उनके संगठनात्मक और संवैधानिक पदों के आधार पर किया जाएगा। पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा को कोर कमेटी से बाहर किए जाने के बाद अब पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया की सदस्यता पर भी संशय है। पार्टी उन्हें भी कमेटी से बाहर कर सकती है।
दरअसल, भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व कोर कमेटी के गठन के लिए कुछ निर्धारित मानक तैयार करने की योजना बना रहा है। इन मानकों को केवल मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि सभी राज्यों में लागू किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत कोर कमेटी में उन्हीं नेताओं को जगह मिलेगी, जो निर्धारित पदों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर होंगे। यानी अब कमिटी में शामिल करने का फैसला प्रदेश नेतृत्व की व्यक्तिगत पसंद के आधार पर नहीं होगा। नई व्यवस्था लागू होने के बाद इन पदों पर होने वाले बदलावों के अनुरूप कमेटी की सदस्यता भी तय होगी। ऐसे में आगामी पुनर्गठन में कुछ वरिष्ठ नेताओं की विदाई और नए पदाधिकारियों की एंट्री देखने को मिल सकती है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर पुराने पद से होगी विदाई
भाजपा ने हाल ही में अरविंद भदौरिया को आंध्र प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है। ऐसे में उन्हें मध्यप्रदेश की कोर कमेटी से बाहर किया जा सकता है। इसी तरह संगठन में दूसरी जिम्मेदारियां मिलने के बाद भी कोर कमेटी में बने हुए नेताओं को हटाने की तैयारी है। पार्टी ने महेंद्र सिंह की जगह दूसरे नेता को प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, अजय जामवाल को संगठनात्मक महासचिव बनाकर महाराष्ट्र भेजा गया है। माना जा रहा है कि नई व्यवस्था लागू होने पर इन बदलावों का असर भी कोर कमेटी की सदस्यता पर दिखाई देगा।
दिसंबर या जनवरी में हो सकता है बदलाव
राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा का शीर्ष नेतृत्व पहले कोर कमेटी के गठन के लिए मानक और पात्रता के नियम तय करेगा। इसके बाद मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में नई व्यवस्था के अनुसार समितियों का पुनर्गठन किया जाएगा। प्रदेश में दिसंबर या जनवरी तक यह प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। नई व्यवस्था के तहत कुछ पुराने सदस्यों की जगह नए चेहरों को भी मौका मिल सकता है।
वर्तमान कोर कमेटी में ये नेता शामिल
प्रदेश भाजपा की मौजूदा कोर कमेटी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह और संपतिया उइके, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य तथा प्रदेश महासचिव लता वानखेड़े शामिल हैं। इसके अलावा राज्य इकाई के प्रभारी, सह-संगठन महामंत्री और प्रदेश संगठन महामंत्री भी कोर कमेटी के सदस्य होते हैं।
शिवप्रकाश आज लेंगे बैठकें
भाजपा प्रदेश कार्यालय में शिवप्रकाश और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल एवं संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी कल बुधवार को लगातार बैठके लेंगे। प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। जिसमें सभी के दायित्वों की समीक्षा की जाएगी। दोपहर में जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और संभाग प्रभारियों की बैठक होगी। यह बैठक सबसे अहम मानी जा रही है। इस बैठक में सभी जिला अध्यक्षों को अपने जिले में रिक्त संगठन के पदों की जानकारी साथ में लाना है, जिसमें जिला कार्यकारिणी के अलावा मंडल की कार्यकारिणी की जानकारी भी उन्हें लेकर आना है। उनके यहां पर मोर्चा और प्रकोष्ठों की नियुक्तियों की क्या स्थिति है यह जानकारी भी शिवप्रकाश के सामने रखना है। कल ही मीडिया विभाग, सोशल मीडिया विभाग की भी बैठकें होनी है।
