जल्द शुरू होगी यूपीएससी और एमपीपीएससी की निःशुल्क कोचिंग
एससी-एसटी विद्यार्थियों को मिलेंगी निःशुल्क पुस्तकें
भोपाल। नीट और जेईई की तैयारी के लिए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद, अब राज्य में संघ लोक सेवा आयोग और मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं के लिए भी निःशुल्क कोचिंग सेंटर स्थापित करने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
यह निर्देश उच्च शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार ने मंत्रालय में आयोजित मध्य प्रदेश हिन्दी ग्रंथ अकादमी की कार्यसमिति एवं प्रबंधक मंडल की बैठक के दौरान दिए। मंत्री ने कहा कि अकादमी की गुणवत्तापूर्ण और मितव्ययी पुस्तकें समाज के प्रत्येक वर्ग के विद्यार्थी तक सुगमता से पहुँचाने के लिए एक प्रभावी और सुदृढ़ व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए। बैठक में मंत्री परमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय महाविद्यालयों की तर्ज पर अब शासकीय विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को भी हिन्दी ग्रंथ अकादमी की पुस्तकें निःशुल्क उपलब्ध कराने के ठोस प्रयास किए जाएं। इसके साथ ही, उन्होंने पुस्तकों की बाजार में सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने और महाविद्यालयों तथा विश्वविद्यालयों के पुस्तकालयों को अधिक सुव्यवस्थित बनाने पर विशेष जोर दिया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत तैयार हो रहीं नई पुस्तकें
अकादमी के संचालक अशोक कड़ेल ने बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप भारतीय ज्ञान परंपरा के समावेश के साथ स्नातक प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के लिए अब तक 375 शीर्षकों की कुल 25 लाख 12 हजार 575 प्रतियों का प्रकाशन किया जा चुका है। उन्होंने जानकारी दी कि स्नातक तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए 250 शीर्षकों की पुस्तकें तैयार करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इसके अतिरिक्त, उच्च शिक्षा के स्तर पर विभिन्न विषयों को और अधिक समृद्ध बनाने के लिए 26 विषयों पर आधारित भारतीय ज्ञान परंपरा संदर्भ पुस्तकें भी तैयार की जा रही हैं।
