जबलपुर-भोपाल-इंदौर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को मिली रफ्तार
शैलेश पाठक एसपीवी के उपाध्यक्ष नियुक्त
भोपाल। राज्य सरकार ने महत्वाकांक्षी जबलपुर-भोपाल-इंदौर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजना को धरातल पर उतारने की कवायद तेज कर दी है। इसके संचालन और समेकित विकास के लिए गठित विशेष प्रयोजन साधन (एसपीवी) में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) मुंबई के वरिष्ठ सलाहकार शैलेश के. पाठक को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किए। पाठक का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा, जिसे आपसी सहमति से बढ़ाया जा सकेगा। उनके अधिकारों और दायित्वों को लेकर शासन अलग से दिशा-निर्देश जारी करेगा। लगभग 600 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर से जबलपुर, भोपाल और इंदौर के अलावा नरसिंहपुर, रायसेन, सीहोर और देवास जिले भी जुड़ेंगे। परियोजना के तहत क्षेत्रों की विशेषज्ञता के आधार पर औद्योगिक हब विकसित किए जाएंगे। जबलपुर में इंजीनियरिंग, रक्षा उत्पादन, एयरोस्पेस और लॉजिस्टिक्स, भोपाल व इंदौर में आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्नोलॉजी और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, नरसिंहपुर व रायसेन में फूड प्रोसेसिंग और कृषि आधारित उद्योग और सीहोर व देवास में मैन्युफैक्चरिंग, वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स औद्योगिक हब विकसित किए जाएंगे। शासन ने अगले छह महीनों में जीआईएस मैपिंग व लैंड बैंक तैयार करने और एक वर्ष के भीतर प्राथमिक औद्योगिक हब का मास्टर प्लान बनाने का लक्ष्य रखा है।
