जहरीले प्रदूषण के आकलन का ठेका रद्द करने की मांग
गैस पीड़ित संगठनों ने गुजरात की कंपनी को ठेका देने पर उठाए सवाल
भोपाल। यूनियन कार्बाइड कारखाने और उसके आसपास फैले जहरीले प्रदूषण की जांच को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों के चार संगठनों ने प्रदूषण आकलन के लिए गुजरात की एक कंपनी को दिए गए ठेके को तत्काल रद्द करने की मांग की है। उन्होंने ठेका प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है।
भोपाल गैस पीड़ित महिला स्टेशनरी कर्मचारी संघ की अध्यक्ष रशीदा बी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टॉक्सिकोलॉजी रिसर्च की 2018 की रिपोर्ट में कारखाने के आसपास 3.5 किलोमीटर के दायरे में भूजल प्रदूषण की पुष्टि हुई थी, जबकि टेंडर में जांच का दायरा केवल दो किलोमीटर रखा गया है। इसी तरह हाई कोर्ट की निगरानी समिति ने वर्ष 2023 में आकलन के लिए 10 से 12 महीने का समय जरूरी बताया था, लेकिन टेंडर में काम पूरा करने के लिए केवल तीन महीने निर्धारित किए गए हैं। भोपाल गैस पीड़ित महिला पुरुष संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष नवाब खान ने कहा कि इतनी जटिल तकनीकी प्रक्रिया के टेंडर तैयार करने में विशेषज्ञों को शामिल नहीं किया गया। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2010 में मंत्रियों की समिति ने इस काम के लिए वैश्विक स्तर पर टेंडर जारी करने के निर्देश दिए थे। भोपाल गैस पीड़ित निराश्रित पेंशनभोगी संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष बालकृष्ण नामदेव ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने पसंदीदा कंपनी को ठेका दिलाने के लिए टेंडर की शर्तों में हेरफेर किया।
भूजल स्रोत भी मिले प्रदूषित
वहीं, भोपाल ग्रुप फॉर इन्फॉर्मेशन एंड एक्शन की रचना ढींगरा ने बताया कि चार सरकारी वैज्ञानिक एजेंसियों की जांच में 40 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र के भूजल में जहरीले रसायन, नौ पर्सिस्टेंट ऑर्गेनिक पोल्यूटेंट्स और भारी धातुएं पाए गए थे। कुछ स्थानों पर 130 मीटर से अधिक गहराई के भूजल स्रोत भी प्रदूषित मिले थे। संगठनों ने चेतावनी दी कि अधूरे आकलन से जनस्वास्थ्य और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
