बैंक कर्मियों ने किया प्रदर्शन, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
भोपाल। पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने और भेदभावपूर्ण इंसेंटिव नीति को वापस लेने की मांग को लेकर मध्य प्रदेश में बैंक कर्मचारियों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत राजधानी भोपाल में गुरुवार शाम बैंक अधिकारी और कर्मचारी एक मंच पर जुटकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
मांगों पर त्वरित कार्रवाई न होने की सूरत में यूनियन पदाधिकारियों ने देशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की अंतिम चेतावनी दी है। यूएफबीयू की स्थानीय जिला इकाई के बैनर तले गुरुवार शाम बैंककर्मियों का एक विशाल दल अरेरा हिल्स, जेल रोड स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल ऑफिस के समक्ष एकत्र होगा। प्रदर्शन के माध्यम से केंद्र सरकार और बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
बैंकों में सप्ताह में केवल 5 दिन कार्यप्रणाली की व्यवस्था बिना किसी देरी के शुरू की जाए, एकतरफा और भेदभावपूर्ण परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव योजना को तुरंत वापस लिया जाए या स्थगित किया जाए। यूनियनों के साथ वार्ता कर इसमें जरूरी संशोधन किए जाएं और बैंक कर्मचारियों के अन्य सभी लंबित वेतन व सेवा संबंधी मुद्दों का शीघ्र समाधान निकाला जाए।
