स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों को गति देने में जुटी कांग्रेस
5 सितंबर तक जिला कार्यकारिणी के गठन के दिए निर्देश
भोपाल। आगामी स्थानीय निकाय और विधानसभा चुनावों में चुनावी जमीन मजबूत करने के इरादे से मध्य प्रदेश कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान के तहत अब सख्त रुख अपना लिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य के सभी जिला अध्यक्षों को आगामी 5 सितंबर तक हर हाल में अपनी जिला कार्यकारिणी का गठन पूरा करने का कड़ा निर्देश जारी किया है। दिल्ली से मिले स्पष्ट संकेतों के बाद संगठन में कसावट लाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
हाल ही में जिला अध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में यह तथ्य सामने आया था कि अधिकांश जिलों में सांगठनिक ढांचा अब भी अधूरा पड़ा है। कई जिलों में वार्ड और पंचायत कमेटियों का गठन अटका हुआ है, तो वहीं मंडलम और ब्लॉक स्तर पर भी कार्यकारिणी का काम पेंडिंग है। गौरतलब है कि पिछले दिनों नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के शीर्ष पदाधिकारियों ने प्रदेश कांग्रेस के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की थी। इस बैठक में जिला व बूथ स्तर पर संगठन के अधूरे पड़े निर्माण पर कड़ी नाराजगी जताई गई थी। एआईसीसी ने स्पष्ट हिदायत दी थी कि चुनावों की तैयारियों को मुकम्मल करने के लिए सबसे पहले निचले स्तर तक संगठन को आकार दिया जाए।
आलाकमान की सख्ती आने लगी नजर
दिल्ली में हुई समीक्षा बैठक के दौरान यह मामला भी प्रमुखता से उठा था कि प्रदेश कांग्रेस के विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के गठन में पारदर्शिता का अभाव रहा है। इसके बाद एआईसीसी के रुख को देखते हुए पारदर्शिता इन विभागों और प्रकोष्ठों को तत्काल प्रभाव से भंग करने का निर्णय लिया गया था। आलाकमान की इसी सख्ती के बाद अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी जिला इकाइयों को समय सीमा में काम पूरा कराने के लिए पूरी तरह सक्रिय मोड में आ गई है।
