प्रदेश प्रभारी ने दी कार्यकर्ताओं को नसीहत, बूथ स्तर तक बनाएं जन-संवाद
चौधरी ने जारी किया पत्र, महंगाई और किसानों के मुद्दे पर संघर्ष का दिया संदेश
भोपाल। कांग्रेस संगठन को नए सिरे से धार देने और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के लिए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी व विधायक हरीश चौधरी ने कार्यकर्ताओं के नाम एक विस्तृत संदेश जारी किया है। उन्होंने दो-टूक कहा कि पार्टी की असली ताकत बड़े नेताओं में नहीं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में भी जनता के साथ खड़े रहने वाले जमीनी कार्यकर्ता में निहित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन केवल चुनाव के दौरान दिखने वाली व्यवस्था न बने, बल्कि साल के 365 दिन जनता के सुख-दुख और अधिकारों की लड़ाई में भागीदार नजर आए।
हरीश चौधरी ने पत्र में उल्लेख किया कि शीर्ष नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी लगातार संसद में जनहित के सवाल उठा रहे हैं, लेकिन इस संघर्ष को केवल दिल्ली या संसद तक सीमित रखना काफी नहीं है। राष्ट्रीय नेतृत्व की इस लड़ाई को मध्यप्रदेश की जनशक्ति से जोड़ना समय की मांग है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की बदहाली, युवाओं के भविष्य, सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा जैसे ज्वलंत मुद्दों को लेकर राज्य के हर गांव, पंचायत, वार्ड, मंडल और बूथ तक पहुंचे।
जनता से जुड़े मुद्दे होना चाहिए राजनीति के केन्द्र
उन्होंने संगठन की प्राथमिकताओं पर जोर देते हुए कहा कि जनता के मुद्दे ही कांग्रेस की राजनीति के केंद्र में होने चाहिए। कार्यकर्ता स्थानीय समस्याओं को सुनें और मुखर आवाज बनें। बूथ स्तर पर मजबूती संगठन की असली सक्रियता बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ताओं की सीधी भागीदारी से ही संभव है। हर पदाधिकारी अपने क्षेत्र में उतरकर आम जनता को यह भरोसा दिलाए कि कांग्रेस उनके सम्मान और न्याय की लड़ाई में हमेशा साथ खड़ी है।
