ट्विशा शर्मा मौत मामला, सीबीआई ने विशेष अदालत में दाखिल की चार्जशीट
आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज प्रताड़ना की धाराएं शामिल
भोपाल। राजधानी भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में सोमवार, 17 अगस्त को विशेष अदालत में अहम सुनवाई हुई। अदालत के सख्त निर्देशों के अनुपालन में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मामले से जुड़ी 636 पन्नों की फाइनल रिपोर्ट/चार्जशीट कोर्ट में पेश कर दी है। इससे पहले, अदालत ने 11 अगस्त को हुई सुनवाई में सीबीआई को आज तक जांच पूरी कर रिपोर्ट दाखिल करने का आदेश दिया था।
सीबीआई द्वारा अदालत में पेश की गई चार्जशीट के अनुसार, मृतका ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह पर दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोप तय किए गए हैं। चालान में दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85, 108 और 3(5) के तहत आरोप लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, मामले में दहेज निषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 भी जोड़ी गई हैं।
अभी जारी रहेगी मामले की जांच
सुनवाई के दौरान सीबीआई ने अदालत को अवगत कराया कि मामले की समग्र जांच अभी पूरी नहीं हुई है और आगे भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी। फिलहाल अब तक की संकलित जांच रिपोर्ट कोर्ट को सौंप दी गई है। शाम 5 बजे ट्विशा के परिजनों और आरोपी पक्ष की ओर से गिरिबाला के वकील को चार्जशीट की आधिकारिक कॉपी उपलब्ध कराई जाएगी।
अध्ययन कर रहे हैं परिजन
सीबीआई द्वारा लंबी चार्जशीट दाखिल किए जाने पर मृतका के भाई आशीष शर्मा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि एजेंसी ने अदालत में एक विस्तृत रिपोर्ट पेश की है, जिसके हर पन्ने का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है। इसका अध्ययन करने के पश्चात उनके वकील इस पर आगे की चर्चा करेंगे। सीबीआई ने अपनी रिपोर्ट में इस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच का पूरा ब्योरा दर्ज किया है।
