लाडली बहनों को रक्षाबंधन का तोहफा, सरकार देगी 250 रूपए का शगुन
योजना के सामाजिक-आर्थिक प्रभावों का अध्ययन भी कराएगी सरकारभोपाल। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक लाडली बहनों को विशेष शगुन देने जा रही है। हर माह मिलने वाली नियमित वित्तीय सहायता के अतिरिक्त इस बार बहनों के खातों में रक्षाबंधन के उपहार स्वरूप 250 की अतिरिक्त राशि अंतरित की जाएगी।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 अगस्त को मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान बटन दबाकर यह राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में जमा करेंगे। इस अवसर पर योजना की 39वीं किस्त के 1500 के साथ रक्षाबंधन शगुन के 250 को मिलाकर प्रत्येक पात्र महिला को कुल 1750 की राशि प्राप्त होगी। राज्य में मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। सरकार अब तक इस योजना की 38 किस्तें जारी कर चुकी है, जिसके तहत कुल 61 हजार करोड़ रुपये की विशाल राशि सीधे बहनों के खातों में पहुंचाई जा चुकी है। यह लगातार तीसरा अवसर है जब मोहन यादव सरकार रक्षाबंधन पर बहनों को अतिरिक्त शगुन राशि प्रदान कर रही है। इससे पूर्व तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में भी एक बार रक्षाबंधन पर 250 का शगुन दिया गया था।सामाजिक-आर्थिक प्रभाव का होगा अध्ययनहर माह लगभग 1800 करोड़ की भारी-भरकम राशि के आवंटन को देखते हुए राज्य सरकार अब योजना के वास्तविक प्रभावों का व्यापक अध्ययन कराने जा रही है। इस अध्ययन के माध्यम से यह पता लगाया जाएगा कि इस वित्तीय सहायता से महिलाओं के जीवन स्तर और सामाजिक-आर्थिक स्थिति में क्या बदलाव आया है। इसके साथ ही इस बात का भी आंकलन किया जाएगा कि महिलाएं इस राशि का उपयोग किस प्रकार कर रही हैं और इससे उन्हें स्वरोजगार या आत्मनिर्भरता की दिशा में कितनी मदद मिली है।
