कार्यकर्ताओं पर दर्ज लाखों मामलों के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस
राज्यसभा नामांकन निरस्त करने के मामले में चुनाव अधिकारी के खिलाफ कोर्ट जाएंगे कोर्ट
भोपाल। प्रदेश में राजनीतिक विद्वेष के चलते दर्ज किए गए फर्जी मुकदमों और जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस अब भाजपा की सरकार के खिलाफ व्यापक जन-आंदोलन छेड़ेगी। पार्टी का दावा है कि प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यकाल में छोटी-छोटी धाराओं के तहत करीब 62 लाख केस दर्ज किए गए हैं, जिनमें से बहुतायत मामले सरकार के राजनीतिक दबाव में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर थोपे गए हैं।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित आज मंगलवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की पांच घंटे चली मैराथन बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने बताया कि पीएसी की बैठक में संगठन सृजन अभियान के साथ-साथ युवाओं, किसानों, महिलाओं और ओबीसी वर्ग के अधिकारों की रक्षा पर रणनीति तैयार की गई। उन्होंने खाद संकट, उज्जैन में कथित भ्रष्टाचार, राम मंदिर चढ़ावे के विवाद और छात्र संघ चुनावों को लेकर सरकार को घेरा। चौधरी ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा हमारी प्राथमिकता है। जीतू पटवारी के खिलाफ की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक आवाज को दबाने की सोची-समझी कोशिश है।
राज्यसभा चुनाव मामले में कोर्ट जाने की तैयारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि एक स्वच्छ, समृद्ध और सुरक्षित मध्य प्रदेश का विकल्प बनना चाहती है। राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त किए जाने के मामले पर पटवारी ने घोषणा की कि पार्टी इस सप्ताह विधानसभा सचिव एवं चुनाव अधिकारी अरविंद शर्मा के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी ने राजनीतिक दबाव में अपने पद का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया से खिलवाड़ किया है।
प्रत्यक्ष प्रणाली से हों छात्र संघ चुनाव
बैठक में नेताओं ने एक स्वर में मांग की कि प्रदेश में छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाने चाहिए। पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अप्रत्यक्ष चुनाव कराने की कोशिश की, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी।
दतिया जीत से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह
दतिया उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी घनश्याम सिंह की जीत पर दतिया की जनता का आभार व्यक्त करते हुए उमंग सिंघार ने कहा कि इस परिणाम ने राज्य में बदलाव का स्पष्ट संदेश दे दिया है। इस जीत से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह है, जिसका सीधा लाभ आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में मिलेगा। सिंघार ने परीक्षा घोटालों, पेपर लीक, फर्जी नियुक्तियों, और ओबीसी वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण के मुद्दों को उठाते हुए कहा कि कांग्रेस अपने हर कार्यकर्ता और प्रताड़ित वर्ग के साथ मजबूती से खड़ी है।
