छिंदवाड़ा में पूर्व सांसद नकुल नाथ के विमान का इंजन फेल, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी भी साथ थे
छिंदवाड़ा. मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा एयर स्ट्रिप पर बड़ा विमान हादसा टल गया. यहां रन वे पर भोपाल जाने को तैयार पूर्व सांसद नकुलनाथ के विमान का इंजन फेल हो गया, इस विमान में पूर्व सांसद नकुलनाथ के साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी भी सवार थे.
बताया जाता है कि दोनों नेता भोपाल में आयोजित बैठक में शामिल होने जा रहे थे. नेताओं और स्टाफ के विमान में सवार होने के बाद कुछ देर तक विमान चालू हुआ लेकिन उड़ा नहीं. रनवे पर खड़े विमान का इंजन फेल होने की बात समझ आते ही पायलट ने तुरंत सूझबूझ से दिखाते हुए दोनों नेताओं व स्टाफ को उतारा.
पूर्व सांसद नकुलनाथ नागपुर रवाना हुए
इसके बाद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी सड़क मार्ग से भोपाल और पूर्व सांसद नकुलनाथ नागपुर रवाना हुए. इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली. जानकारों का कहना है कि यदि यही घटा हवा में होती और अचानक इंजिन फेल होता तो बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता था.
नकुलनाथ ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
नकुलनाथ ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि विमान में तकनीकी खराबी के कारण मेरा भोपाल दौरा रद्द हो गया है, जिसके लिए मैं आप सभी से हृदय से क्षमा चाहता हूं. मेरी बहुत इच्छा थी कि इस अवसर पर आप सभी के बीच भोपाल में उपस्थित रहूँ, आप सभी से मिलूँ और आपसे रूबरू होकर संवाद करूँ. दुर्भाग्यवश परिस्थितिवश यह संभव नहीं हो सका. लेकिन मेरा आप सभी से वादा है कि बहुत जल्द आपके बीच उपस्थित रहूँगा, आप सभी से मुलाकात करूँगा और संगठन एवं हमारे साझा प्रयासों को लेकर आपसे विस्तार से संवाद करूंगा
