राजनीतिक प्रतिशोध का लगाया आरोप, इंदौर पुलिस कमिश्नर दफ्तर घेरने की चेतावनी
भोपाल। प्रदेष में राजनीतिक पारा चरम पर पहुंच गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, उनके परिजनों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ हो रही पुलिस व प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर प्रतिशोध की राजनीति का सीधा आरोप जड़ा है। कांग्रेस विधायकों ने दो-टूक चेतावनी दी है कि यदि यह दमनकारी रवैया तुरंत नहीं रोका गया, तो पार्टी सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी।
विधायक राजेंद्र सिंह, जयवर्धन सिंह, फूल सिंह बरैया और उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे समेत 13 प्रमुख कांग्रेस विधायकों ने संयुक्त बयान जारी कर सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए। कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार, महेश परमार, पंकज उपाध्याय, बाबू जंडेल, दिनेश गुर्जर, साहब सिंह गुर्जर, नितेंद्र सिंह राठौड़, कैलाश कुशवाह और यादवेंद्र सिंह ने कहा कि जीतू पटवारी लगातार किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम जनता की आवाज उठा रहे हैं। इसी बौखलाहट में उन्हें राजनीतिक द्वेष का शिकार बनाया जा रहा है। विधायकों ने स्पष्ट किया कि यदि उत्पीड़न बंद नहीं हुआ, तो एक दर्जन से अधिक विधायक इंदौर पुलिस कमिश्नर से मिलकर कार्रवाई का आधार पूछेंगे। संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में कमिश्नर कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना और जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए 11 अगस्त को भोपाल में कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की आपात बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगामी आंदोलन का रूप-रेखा तय की जाएगी। कांग्रेस नेताओं ने इंदौर पुलिस और प्रशासन से अपील की है कि वे सत्तारूढ़ दल के राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर संविधान और कानून के दायरे में निष्पक्ष काम करें।
