दतिया हार पर भाजपा सख्त, जांच करेगी समिति
मुख्यमंत्री निवास पर हुई बैठक, रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगीभोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली अप्रत्याशित हार के बाद भाजपा संगठन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। हार की कड़वी घूंट पीने के बाद पार्टी ने न केवल इसकी विस्तृत समीक्षा शुरू कर दी है, बल्कि हार की वजहों और स्थानीय स्तर पर हुए तथाकथित ‘भीतरघात’ की जांच के लिए दो सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन भी कर दिया है।प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल’ ने हार के कारणों की तह तक जाने के लिए इस समिति का गठन किया है। प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे और वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा को समिति में शामिल किया गया है। यह समिति दतिया जाकर चुनाव से जुड़े पदाधिकारियों, धरातल के कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं से सीधी बातचीत करेगी। चुनाव प्रबंधन, संगठनात्मक ढिलाई और भीतरघात के आरोपों की गहराई से समीक्षा कर रिपोर्ट सीधे प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडलेवाल को सौंपी जाएगी।मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठकइससे पहले मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर दतिया उपचुनाव को लेकर एक हाई-प्रोफाइल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और संगठन के शीर्ष पदाधिकारी। बैठक के दौरान प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने चुनाव में पार्टी के ही कुछ नेताओं पर असहयोग और कथित भीतरघात के गंभीर आरोप लगाते हुए इससे जुड़े दस्तावेज और तथ्य शीर्ष नेतृत्व के सामने रखे।मौन रहे दिग्गज, केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा आगे का रुखसमीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री निवास से बाहर निकले अधिकांश मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और कुछ भी बोलने से परहेज किया। सूत्रों के मुताबिक, जिन नेताओं पर गंभीर स्तर के भीतरघात के आरोप लगे हैं, उन पर अंतिम फैसला जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा ही लिया जाएगा। पार्टी इस मामले में सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई के मूड में दिख रही है।पार्षदों पर भीतरघात के आरोपबैठक में जो तथ्य सामने आए, उनमें सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा भीतरघात का रहा। सूत्रों के अनुसार दतिया और बरौनी क्षेत्र के अधिकांश पार्षदों पर चुनाव के दौरान पार्टी के खिलाफ काम करने के आरोप लगे हैं। बैठक में दावा किया कि कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रत्याशी को हराने में अहम भूमिका निभाई। इन आरोपों पर भी विस्तृत चर्चा की गई और संबंधित जानकारियां दर्ज की गईं।
