श्वेत-पत्र जारी करने की नई परंपरा शुरू करे सरकार
दतिया उपचुनाव के परिणाम आने के बाद पटवारी का मुख्यमंत्री को पत्र
भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को मिली करारी शिकस्त के बाद मध्य प्रदेश की राजनीति में नया मोड़ आ गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक पत्र लिखकर दतिया के जनादेश को सकारात्मक राजनीति और बदलाव का प्रतीक बताया है। उन्होंने आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति को छोड़कर सरकार से राज्य के 8 बुनियादी विषयों पर क्रमवार श्वेत-पत्र जारी करने की मांग की है।
पटवारी ने अपने पत्र में लिखा है कि कि दतिया का परिणाम केवल एक निर्वाचन क्षेत्र का निर्णय नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश की जनता की उस मन की आवाज का प्रतीक है जो जनहित के वास्तविक मुद्दों को राजनीति के केंद्र में देखना चाहती है। उन्होंने कहा कि जनता अब नफरत और नकारात्मकता के बजाय सकारात्मक राजनीति, पारदर्शिता और समाधान चाहती है।
इन 8 प्रमुख मुद्दों को उठाया
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि सरकार पारदर्शी व्यवस्था के लिए बिजली एवं पेयजल व्यवस्था, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, किसानों और कृषि क्षेत्र की चुनौतियां, युवाओं का रोजगार, प्रदेश की कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान, आदिवासी समुदाय के प्रश्न और दलित एवं पिछड़ा वर्ग की स्थिति को लेकर ष्ष्वेतपत्र जारी करने की मांग की है।
कांग्रेस तथ्यों पर बहस को तैयार
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस इन सभी मुद्दों पर अपने तथ्य और सुझाव सार्वजनिक करने के लिए तैयार है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि सरकार भी तर्क और आंकड़ों के आधार पर अपनी बात रखे, क्योंकि लोकतंत्र की स्वस्थ परंपरा तथ्यों पर आधारित बहस से ही चलती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि श्वेत-पत्र जारी करने की यह पहल शुरू होती है, तो प्रदेश की राजनीति जवाबदेही और वास्तविक विकास की दिशा में आगे बढ़ेगी।
