राजा रघुवंशी हत्याकांड: सोनम रघुवंशी ने शिलांग कोर्ट में किया आत्मसमर्पण
इंदौर. राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपित सोनम रघुवंशी ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का पालन करते हुए शिलांग की ट्रायल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया. इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने उसकी जमानत रद्द करते हुए तीन सप्ताह के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया था.
न्यायमूर्ति एम.एम. सुंदरेश और न्यायमूर्ति पी.बी. वराले की पीठ ने मेघालय सरकार की अपील स्वीकार करते हुए कहा कि मामले की गंभीरता और ट्रायल की वर्तमान स्थिति को देखते हुए सोनम को जमानत पर राहत नहीं दी जा सकती. अदालत ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तारी मेमो में टाइपिंग संबंधी त्रुटियां जमानत का पर्याप्त आधार नहीं हैं.
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी माना कि मुकदमा महत्वपूर्ण चरण में है और इस समय आरोपित का जमानत पर बाहर रहना न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है. अदालत से मिली तीन सप्ताह की समय-सीमा समाप्त होने से पहले ही सोनम ने ट्रायल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया.
गौरतलब है कि सोनम रघुवंशी पर आरोप है कि उसने मई 2025 में मेघालय में हनीमून के दौरान अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची थी. जांच एजेंसियों के अनुसार, इस वारदात को अंजाम देने में उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह और उसके कुछ साथियों की भी भूमिका बताई गई है. मामले की सुनवाई फिलहाल शिलांग की ट्रायल कोर्ट में जारी है.
