एमपी : किसानों का भोपाल में अर्धनग्न प्रदर्शन, बैरिकेड तोड़ी, सीएम हाउस के रास्ते पर कड़ी सुरक्षा, सद्बुद्धि यज्ञ किया
भोपाल. मूंग खरीदी, ई-टोकन सिस्टम समेत अन्य मांगों को लेकर राजधानी भोपाल में किसानों का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी है. सीएम हाउस की ओर बढऩे की कोशिश कर रहे किसानों को एम्प्री के पास वीर सावरकर सेतु पर पुलिस ने रोक दिया. बसों की चार लेयर में बैरिकेडिंग की गई है. कुछ किसान पहली बैरिकेडिंग पर चढ़ गए थे, जिन्हें पुलिस ने समझाइश देकर नीचे उतार दिया. इसके बाद किसान वहीं बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं.
प्रदर्शन स्थल पर कुछ किसान अर्धनग्न होकर विरोध जता रहे हैं और सरकार से एमएसपी की कानूनी गारंटी समेत अन्य मांगें पूरी करने की मांग कर रहे हैं. वहीं, कुछ किसान रातभर जागने के बाद आराम करते नजर आए. दाल-बाटी बनाकर सड़क पर ही लंच का इंतजाम किया. किसानों के समर्थन में जेन-जी भी प्रदर्शन में शामिल हैं. किसानों ने सरकार की सद्बुद्धि के लिए हवन भी किया और आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई के बावजूद उनकी फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा.
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कई रास्तों पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी है. इससे होशंगाबाद रोड और आसपास के इलाकों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हालात को देखते हुए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने नर्मदापुरम रोड के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है.
बैरिकेडिंग से किसानों को उतारा, अब मौके पर नारेबाजी
पुलिस ने समझाइश देकर बैरिकेडिंग पर चढ़े किसानों को नीचे उतार दिया और उन्हें आगे बढऩे से रोक दिया. इसके बाद सभी किसान बैरिकेडिंग के पास ही बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. मौके पर पुलिस और किसानों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है.
चार लेयर की बैरिकेडिंग पर चढऩे लगे किसान, वीडियो
ब्रिज के पास पुलिस ने बसों की चार लेयर में बैरिकेडिंग कर किसानों को रोकने का इंतजाम किया है. किसान अब उग्र होकर पहली बस बैरिकेडिंग पर चढऩे लगे हैं. आगे बढऩे के लिए उन्हें अभी तीन और लेयर की बैरिकेडिंग पार करनी होगी. मौके पर पुलिस और किसानों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है.
मांगें नहीं मानीं तो किसानों ने उतारी कमीज-बनियान
मांगें पूरी नहीं होने से नाराज किसानों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान अर्धनग्न होकर अपनी कमीज और बनियान उतार दी. किसानों का कहना है कि उनकी मांगों की लंबे समय से अनदेखी की जा रही है. इसी के विरोध में उन्होंने यह अनोखा प्रदर्शन किया और सरकार से जल्द मांगें पूरी करने की अपील की.
