तीन अगस्त तक मूंग खरीदी नहीं की तो करेंगे आंदोलन
भोपाल। प्रदेश के किसानों की ज्वलंत समस्याओं और मूंग खरीदी की सुस्त चाल को लेकर कांग्रेस आक्रामक रुख में आ गई है। हरदा की कृषि उपज मंडी में आयोजित विशाल हल्ला बोल आंदोलन की अगुवाई करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार को चेतावनी दी है। पटवारी ने कहा कि यदि 3 अगस्त तक मूंग की सुचारू खरीदी शुरू नहीं हुई, तो पूरी प्रदेश की सड़कों पर किसान चक्काजाम करेंगे, जिसकी कमान खुद कांग्रेस संभालेगी।
इसके साथ ही उन्होंने भविष्य का बड़ा सियासी दांव खेलते हुए घोषणा की कि 2028 में राज्य में कांग्रेस की सरकार बनते ही एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) गारंटी कानून लाया जाएगा’’, जिसके तहत समर्थन मूल्य से कम पर उपज खरीदना अपराध की श्रेणी में आएगा। हरदा मंडी में आयोजित इस विरोध सभा में पहुंचे जीतू पटवारी का स्थानीय किसानों ने पारंपरिक पगड़ी पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया और अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। सभा को संबोधित करते हुए पटवारी ने प्रदेश सरकार की किसान नीतियों पर तीखे हमले बोले और दतिया उपचुनाव को लेकर भी भाजपा पर गंभीर आरोप मढ़े। पटवारी ने कहा यदि सरकार किसानों के हक में खड़े होकर मूंग की पूरी खरीदी सुनिश्चित कर लेती है, तो कांग्रेस पार्टी प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री का सार्वजनिक नागरिक अभिनंदन करने से भी पीछे नहीं हटेगी। इस दौरान मंच पर हरदा विधायक आर.के. दोगने, पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, और किसान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
