नीट मेरिट छात्रों को मिलेगा बढ़ा हुआ कोटा, फीस में भी कटौती के आसार
भोपाल। प्रदेश में नीट की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए डॉक्टर बनने की राह अब और सुगम होने जा रही है। राज्य सरकार के नए कदमों से प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई न केवल किफायती होगी, बल्कि सीटों की संख्या में बढ़ोतरी से अधिकाधिक छात्रों को एडमिशन का मौका भी मिलेगा।
माना जा रहा है कि मेरिट में आने वाले स्टूडेंट्स की ट्यूशन फीस में करीब एक-तिहाई तक की बड़ी राहत दी जा सकती है। इसके साथ ही, मैनेजमेंट कोटे के तहत होने वाले दाखिले भी अब सीधे नीट मेरिट के आधार पर राज्य सरकार द्वारा आयोजित पारदर्शी काउंसलिंग प्रक्रिया के जरिए ही संपन्न होंगे। वर्ष 2023 के मुकाबले वर्ष 2026 में प्रदेश के सरकारी और निजी दोनों ही श्रेणियों के मेडिकल कॉलेजों में सीटों का दायरा काफी बढ़ गया है। प्रदेश में कुल 4,675 सीटें उपलब्ध थीं (सरकारी 2,275 और निजी 2,400)। इनमें से मेरिट विद्यार्थियों के लिए 4,315 सीटें आरक्षित थीं (सरकारी 2,215 और निजी 2,040)।
वर्ष 2026 का नया आंकड़ा
सीटों की कुल संख्या बढ़कर 6,020 हो गई है (सरकारी 3,020 और निजी 3,000)। इस बढ़ोतरी के बाद अब मेरिट विद्यार्थियों के लिए कुल 4,520 सीटें उपलब्ध रखी गई हैं, जिनमें सरकारी कॉलेजों की सभी 3,020 सीटें और निजी कॉलेजों की 1,500 सीटें शामिल हैं।
