कम बारिश से प्रदेश में कृषि संकट, राहत पैकेज की मांग
भोपाल। प्रदेश में मानसून के लंबे ब्रेक के कारण उत्पन्न हुए कृषि संकट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक पत्र लिखकर राज्य के प्रभावित किसानों के लिए तत्काल राहत उपायों और विशेष पैकेज की मांग की है।
पटवारी ने पत्र में बताया कि प्रदेश में अब तक सामान्य से लगभग 15 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। राज्य के 55 में से 28 जिलों में स्थिति बेहद चिंताजनक है, जहां सामान्य से 16 से 78 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। अलीराजपुर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मंडला, शहडोल, सागर, रायसेन, शिवपुरी और जबलपुर जैसे जिलों में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। कम बारिश के चलते कई स्थानों पर बोवनी ठप है, तो कहीं बोई गई फसलें सूखने की कगार पर हैं। पटवारी ने कहा कि रीवा संभाग में धान की केवल 41 प्रतिशत और नर्मदापुरम में 62 प्रतिशत ही बोवनी हो सकी है। रायसेन में लक्ष्य के मुकाबले महज 65 हजार हेक्टेयर में रोपाई हुई है, जबकि मुरैना में जुलाई के दूसरे सप्ताह के बाद से बारिश न होने से खरीफ फसलों को 30 से 40 प्रतिशत नुकसान की आशंका है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से ये मांग
प्रभावित जिलों में विशेष गिरदावरी सर्वे कराकर फसल क्षति का वास्तविक आकलन हो, पुनर्बाेवनी के लिए किसानों को विशेष आर्थिक सहायता और निःशुल्क बीज दिए जाएं, वैकल्पिक सिंचाई के लिए डीजल, बिजली और सिंचाई हेतु विशेष राहत पैकेज घोषित किया जाए, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत त्वरित सर्वे कराकर मुआवजा दिलाया जाए। प्रभावित क्षेत्रों में आपातकालीन जल प्रबंधन योजना लागू हो और जिला स्तरीय संयुक्त निगरानी समितियां बनाकर रोजाना समीक्षा की जाए।
