नए पुलिस मुखिया के लिए गृह विभाग ने शुरू की कवायद
यूपीएससी को भेजी जाएगी वरिष्ठ आईपीएस अफसरों की सूची
भोपाल। प्रदेश में पुलिस महकमे के सर्वाेच्च पद यानी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की नियुक्ति को लेकर राज्य सरकार ने समय से पहले ही अपनी प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी हैं। मौजूदा डीजीपी कैलाश मकवाना आगामी 30 नवंबर को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। आमतौर पर नए पुलिस मुखिया के चयन की प्रक्रिया वर्तमान डीजीपी के रिटायरमेंट से महज तीन महीने पहले शुरू होती है, लेकिन इस बार पहले से ही इस पर काम करना षुरू कर दिया है।
गृह विभाग ने पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) से तय मापदंडों को पूरा करने वाले योग्य अधिकारियों का पूरा सेवा रिकॉर्ड और व्यक्तिगत विवरण मांगा था। पुलिस मुख्यालय ने तत्परता दिखाते हुए सभी आवश्यक जानकारियों के साथ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की एक सूची गृह विभाग को सौंप दी है, जिसे जल्द ही नई दिल्ली स्थित यूपीएससी को भेजा जाएगा। इसके बाद, नए डीजीपी के नाम पर मुहर लगाने के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक होगी। इस चयन समिति में यूपीएससी के चेयरमैन, राज्य के मुख्य सचिव और एक अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे। यह समिति प्राप्त नामों की गहन समीक्षा कर अंतिम तीन अधिकारियों का एक पैनल तैयार करेगी, जिसमें से राज्य सरकार किसी एक नाम को डीजीपी पद के लिए चुनेगी।
इन अफसरों के नामों पर चल रहा है मंथन
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा यूपीएससी को भेजी जाने वाली संभावित सूची में प्रदेश के जिन आईपीएस अधिकारियों के नाम शामिल हैं उनमें वरुण कपूर, उपेंद्र कुमार जैन, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव, आदर्श कटियार, जी. अखेतो सेमा, अनिल कुमार, रवि गुप्ता और अनंत कुमार के नाम प्रमुख हैं। हालांकि, यूपीएससी अधिकारियों की सिनियोरिटी (वरिष्ठता), मेरिट और एसीआर (वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट) के आधार पर ही अंतिम तीन नामों का पैनल तय करता है। यदि मौजूदा वरिष्ठता क्रम और नियमों को देखा जाए, तो अंतिम पैनल में वरुण कपूर, उपेंद्र कुमार जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम शामिल होने की सबसे प्रबल संभावना जताई जा रही है।
