एमपी : लखन पटेल से पशुपालन विभाग वापस, सीएम ने अपने पास रखा, अब सिर्फ आनंद विभाग के मंत्री रहेंगे
भोपाल. मध्य प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल से अचानक पशुपालन विभाग वापस ले लिया गया है। यह विभाग अब मुख्यमंत्री अपने पास रखेंगे। इसके बाद लखन पटेल सिर्फ आनंद विभाग के मंत्री रह गए हैं। मुख्यमंत्री के फैसले के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने इसका नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक मंत्री लखन पटेल को आज बुधवार की सुबह सीएम हाउस बुलाया गया। वे करीब 10 बजे सीएम हाउस पहुंचे। मुख्यमंत्री के साथ बैठक के दौरान उनसे पशुपालन विभाग का प्रभार वापस लेने को लेकर चर्चा हुई। हालांकि गजट नोटिफिकेशन कल ही जारी हो गया था।
मुख्यमंत्री के पास अब 11 विभाग
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पास सामान्य प्रशासन, गृह, जेल, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, जनसंपर्क, नर्मदा घाटी विकास, विमानन, खनिज साधन, लोक सेवा प्रबंधन, प्रवासी भारतीय, पशुपालन एवं डेयरी विभाग समेत वे सभी विभाग रहेंगे, जो किसी अन्य मंत्री को नहीं सौंपे गए हैं। इस तरह मुख्यमंत्री के पास अब 11 विभाग हो गए हैं।
