नीट धांधली, पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस की साइक्लोथॉन
इंदौर से भोपाल के लिए साइकिल पर निकले जीतू पटवारी
भोपाल। नीट-यूजी परीक्षा में धांधली, सीबीएसई परीक्षा में गड़बड़ियों, लगातार होते पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ मध्य प्रदेश कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर मोर्चा खोल दिया है। राहुल गांधी के श्छात्रों की गूंजश् अभियान के अंतर्गत मंगलवार को इंदौर से भोपाल तक दो दिवसीय विशेष साइक्लोथॉन (साइकिल यात्रा) की शुरुआत की गई। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व खुद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी कर रहे हैं, जो स्वयं साइकिल चलाकर दो दिनों में भोपाल तक का सफर तय करेंगे।
यह साइकिल यात्रा इंदौर के प्रमुख शैक्षणिक केंद्र देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के पास आरएनटी मार्ग से प्रारंभ हुई। इस स्थान का चयन विशेष रूप से छात्रों की समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाने के लिए किया गया है। इंदौर, देवास, सीहोर और भोपाल जिलों से लगभग 500-500 साइकिल चालक इस यात्रा में शामिल होंगे। भोपाल पहुंचते-पहुंचते यह संख्या 2,000 को पार कर जाएगी। इस मुहिम में केवल राजनीतिक कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि इंदौर के प्रतिष्ठित साइकिल रेसर ग्रुप और विभिन्न फिटनेस क्लबों के सदस्य भी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
केजी से पीजी तक मुफ्त हो शिक्षा
यात्रा के दौरान युवाओं और अभिभावकों से संवाद करते हुए जीतू पटवारी ने शिक्षा व्यवस्था में आमूलचूल बदलाव की मांग की। उन्होंने कहा भाजपा के 25 साल के शासन और आजादी के 80 साल बाद अब समय आ गया है कि देश के हर वर्ग के लिए केजी से लेकर पीजी तक की शिक्षा पूरी तरह मुफ्त और अनिवार्य की जाए। परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता लाना और नीट जैसी परीक्षाओं की धांधली को रोकना किसी दल का नहीं, बल्कि पूरे देश का विषय है। कांग्रेस की इस दो दिवसीय यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और व्यावसायिक परीक्षाओं में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ जन-आंदोलन खड़ा करना है।
