पुलिसकर्मियों के प्रमोशन का रास्ता साफ, गठित कीं दो कमेटियां
भोपाल। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित प्रमोशन का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। मुख्यमंत्री केे निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय ने तत्काल प्रभाव से दो विशेष कमेटियों का गठन कर दिया है। यह कमेटियां सब-इंस्पेक्टर से इंस्पेक्टर और प्रधान आरक्षक से एएसआई के पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया को पूरा करेंगी। पुलिस महानिदेशक ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिए हैं।
योग्य पुलिसकर्मियों को समय पर उच्च पदों का प्रभार सौंपने के लिए बनाई गई कमेटियों में एक प्रधान आरक्षक से एएसआई के पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए पहली कमेटी बनाई गई है। इस कमेटी का अध्यक्ष हरिनारायण चारी मिश्र को बनाया गया है। वहीं डीआईजी किरण लता केरकट्टा और रिचा चौबे को सदस्य बनाया गया है। इस कमेटी में आईजी, डीआईजी के साथ-साथ एआईजी प्रशासन को भी शामिल किया गया है। वहीं सब-इंस्पेक्टर से इंस्पेक्टर छानबीन समिति में एडीजी केपी वेंकटेश्वर राव को अध्यक्ष और डीआईजी सुनील पांडे, डीआईजी डी कल्याण चक्रवर्ती और एआईजी अमित सक्सेना सदस्य बनाया गया हे।
व्यवस्था होगी मजबूत
गृह विभाग और पुलिस महकमे में महीनों से अटकी पदोन्नति प्रक्रियाओं में तेजी आई है। इन कमेटियों के गठन से योग्य और अनुभवी पुलिसकर्मियों को समय पर उच्च पदों का प्रभार मिल सकेगा, जिससे न केवल पुलिस बल का मनोबल बढ़ेगा बल्कि राज्य की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग भी मजबूत होगी।
