सभी विभागों से मांगा अब तक किए प्रमोशन का पूरा ब्यौरा
मुख्यमंत्री सचिवालय ने जारी किया लिंक, शिकायतों के बाद सरकार ने उठाया कड़ा कदम
भोपाल। प्रदेश में लोक सेवा पदोन्नति नियम 2025 के तहत पिछले नौ दिनों में हुई प्रमोशन की कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय बेहद गंभीर हो गया है। कुछ विभागों में पदोन्नति रोकने की शिकायतों के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर सचिवालय ने सभी विभागों से पदवार और विभागवार प्रमोशन का पूरा ब्यौरा तलब किया है। इसके लिए एक विशेष ऑनलाइन लिंक जारी कर तत्काल जानकारी अपलोड करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
मंत्रालय में आयोजित कैबिनेट बैठक के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिवों को पत्र जारी किया है। आदेश में साफ कहा गया है कि अब तक की गई सभी पदोन्नतियों का विवरण निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर आज ही अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। मुख्यमंत्री जल्द ही खुद इस पूरे मामले की समीक्षा करने वाले हैं।
दरअसल, सरकार को शिकायतें मिली थीं कि कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को शिकायत होने का बहाना बनाकर परेशान कर रहे हैं। इस जानकारी के सामने आते ही मुख्यमंत्री सचिवालय पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और अफसरों को सख्त लहजे में हिदायत दी है कि सभी विभागों में नियम सम्मत पदोन्नति की प्रक्रिया बिना किसी भेदभाव के पूरी होनी चाहिए, ताकि हर वर्ग के पात्र अधिकारी-कर्मचारी को इसका समय पर लाभ मिल सके। भ्रष्टाचार या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
